RAIGHAR NEWS. सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने की होड़ अब युवाओं के लिए खतरा बनती जा रही है। ऐसा ही एक मामला रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र में सामने आया, जहां एक युवक को सड़क पर खतरनाक स्टंट करना भारी पड़ गया।

ग्राम कुंजेमुरा निवासी शाश्वत सिदार (20) ने तमनार-हुंकरादीपा मार्ग पर अपनी बाइक को एक पहिए पर चलाते हुए (व्हीली) स्टंट किया और उसका वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया। इस दौरान युवक ने न तो हेलमेट पहना था और न ही किसी तरह की सुरक्षा का ध्यान रखा।

वायरल वीडियो से खुली पोल
स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई। तमनार थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव ने युवक की पहचान कर उसे थाने बुलाया और मामले में सख्त कार्रवाई की।
जुर्माना और सख्त चेतावनी
पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन पर युवक के खिलाफ 2,000 रुपये का चालान काटा। साथ ही भविष्य में ऐसी हरकत न दोहराने की सख्त हिदायत दी गई। युवक से सार्वजनिक रूप से माफी भी मंगवाई गई, जिसमें उसने आगे से हेलमेट पहनने और नियमों का पालन करने का वादा किया।

एसएसपी का सख्त संदेश
जिले के एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा कि सड़क पर स्टंटबाजी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा, कानून सबके लिए बराबर है, चाहे वह पुलिस परिवार से ही क्यों न हो। नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।

युवाओं से अपील
तमनार पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज के लिए अपनी जान जोखिम में न डालें और यातायात नियमों का पालन करें।






































