BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) 2022 घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने आरोपी उत्कर्ष चंद्राकर की अग्रिम जमानत याचिका को खारिज कर दिया है। उत्कर्ष पर आरोप है कि उसने परीक्षार्थियों से 25 लाख रुपये लेकर उन्हें परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र लीक किए थे। मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा है।

याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया। न्यायालय ने स्पष्ट कहा कि पेपर लीक करना दिन-रात मेहनत करने वाले प्रदेश के लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। कोर्ट ने मामले की गंभीरता और आरोपी की संलिप्तता को देखते हुए उसे राहत देने से इनकार कर दिया।

CBI जांच में चौंकाने वाले खुलासे
सीबीआई (CBI) की जांच के अनुसार, रायपुर के शांति नगर निवासी उत्कर्ष चंद्राकर ने बड़ी रकम के बदले लगभग 30 से 35 कैंडिडेट को प्रारंभिक (Pre) और मुख्य (Mains) परीक्षा के प्रश्नपत्र उपलब्ध कराए थे। गवाहों के बयानों (धारा 164) के मुताबिक, उम्मीदवारों से 50 से 60 लाख रुपये तक की मांग की गई थी।

होटल और रिसॉर्ट्स में कराई गई थी तैयारी
जांच में यह बात सामने आई है कि परीक्षा से पहले उम्मीदवारों को रायपुर के सिद्धि विनायक पैलेस, होटल वेंकटेश इंटरनेशनल और बारनवापारा रिसॉर्ट में ठहराया गया था। वहां मोबाइल के जरिए प्रश्नपत्र मंगवाकर उनके उत्तर याद कराए गए थे। 12 फरवरी 2022 को प्रारंभिक परीक्षा से महज एक दिन पहले उत्कर्ष ने परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र और उनके जवाब दे दिए थे।

कोलकाता की प्रिंटिंग कंपनी से जुड़ा साजिश का जाल
सीबीआई के मुताबिक, इस घोटाले की जड़ें कोलकाता तक फैली थीं। प्रश्नपत्र छापने वाली कंपनी के कर्मचारी महेश दास ने जनवरी 2021 में प्रश्नपत्रों के 7 सेट रायपुर लाकर आरती वासनिक को सौंपे थे। इसके बाद तत्कालीन अध्यक्ष तामन सिंह सोनवानी और अन्य अधिकारियों ने मिलकर इनकी कॉपियां बनाईं और फिर पर्चों को दोबारा सील कर प्रिंटिंग के लिए वापस भेज दिया गया।

29 लोग आरोपी, मास्टरमाइंड जेल में
इस घोटाले में सीबीआई ने अब तक 29 लोगों को आरोपी बनाया है। आयोग के तत्कालीन अध्यक्ष तामन सिंह सोनवानी को इस पूरे खेल का मास्टरमाइंड बताया गया है, जो वर्तमान में जेल में बंद हैं। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ है कि इस भ्रष्टाचार के जरिए कई रसूखदार लोगों के परिजन डिप्टी कलेक्टर के पदों पर चयनित हुए थे। फिलहाल सीबीआई अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।




































