BALAUDABAZAR NEWS. भाटापारा में एक बड़ी घटना घटी है। यहां की मुख्य शाखा नहर में बुधवार को नहाने गए तीन बच्चे तेज बहाव में बह गए। हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। तीसरे बच्चे को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बचा लिया। घटना भाटापारा शहर थाना क्षेत्र की है।

मृत बच्चे की पहचान ब्लेसन डीगल उर्फ रिहान (14) निवासी कंदामाल, ओडिशा के रूप में हुई है। वह गर्मी की छुट्टियां मनाने शांति नगर स्थित रिश्तेदार के घर आया था। बुधवार को वह अपने दो साथियों के साथ मुख्य शाखा नहर में नहाने गया था। इसी दौरान तीनों बच्चे तेज बहाव की चपेट में आ गए।


बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

पुलिस ने रिहान और एक अन्य बच्चे को नहर से बाहर निकाला, लेकिन तब तक रिहान की मौत हो चुकी थी। दूसरे बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे इलाज के लिए भाटापारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





































