BILASPUR NEWS. जिले के मस्तुरी थाना क्षेत्र के मल्हार चौकी में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। नारियल खरीदने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि एक युवक ने पिता-पुत्र पर कैंची से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें इलाज के लिए सिम्स अस्पताल रेफर किया गया है।

घटना 4 मई की रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, नारियल खरीदने को लेकर गांपा बाई श्रीवास से कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और महिला का बेटा ज्ञान उर्फ लकी श्रीवास मौके पर पहुंच गया। आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और पास रखी बड़ी कैंची से मनहरण केवट और उनके बेटे रूपेश केवट पर हमला कर दिया।

लहूलुहान पड़े मिले पिता-पुत्र
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमले के दौरान रूपेश की बेटी अपने पिता को बचाने के लिए लोगों से मदद की गुहार लगाती रही। हमले में रूपेश के होंठ, भुजा, सीने और पेट पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि बुजुर्ग मनहरण केवट की पीठ पर गहरा घाव हुआ है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
मस्तुरी पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उन्हें सिम्स रेफर किया गया। पुलिस ने आरोपी ज्ञान उर्फ लकी श्रीवास के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 296, 351(3), 118(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।

फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद मामले में और सख्त धाराएं जोड़ी जा सकती हैं।






































