Chhattisgarh Crime News जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले की पामगढ़ पुलिस ने चमत्कार के नाम पर महिला से दुष्कर्म करने और उसके अश्लील वीडियो वायरल कर देने वाले ढोंगी ‘निर्मल बाबा’ को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला से पकड़ा गया है। पीड़िता महिला का आरोप है कि आरोपी ने शरीर के दर्द को ठीक करने का झांसा देकर उसे फंसाया और उसके साथ बार-बार दुष्कर्म किया।

घटना की पूरी कहानी
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 11 अप्रैल को पामगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि चैत्र नवरात्रि के दौरान निर्मल बाबा पदयात्रा करते हुए पामगढ़ क्षेत्र के एक गांव में पहुंचा था। खुद को चमत्कारी बाबा बताते हुए उसने लोगों की हर समस्या दूर करने का दावा किया। पीड़िता अपनी सहेली के साथ बाबा से मिलने गई, जहां बाबा ने उसका हाथ देखकर इलाज का भरोसा दिलाया और उसका मोबाइल नंबर ले लिया।

बहला-फुसलाकर ले गया मैहर
26 मार्च को आरोपी ने पीड़िता को पामगढ़ बाजार में बुलाकर प्रसाद खिलाया और बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। पीड़िता बाबा के झांसे में आकर बिलासपुर से ट्रेन पकड़कर मध्य प्रदेश के मैहर पहुंच गई। वहां बाबा ने होटल में इलाज के नाम पर पीड़िता के साथ कई बार दुष्कर्म किया और इस दौरान उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया।

अश्लील वीडियो कर दिया वायरल
घटना के बाद जब पीड़िता घर लौटी तो बाबा लगातार फोन कर परेशान करने लगा। तंग आकर महिला ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया। गुस्साए बाबा ने एक फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर पीड़िता के अश्लील वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए।

Chhattisgarh Crime News पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
इसके बाद पीड़िता ने पामगढ़ थाने में पहुंचकर निर्मल बाबा के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और उसे हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला से गिरफ्तार कर लिया। वर्तमान में आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।




































