RAIPUR NEWS. राशन लेने के लिए महिलाओं को तपती दोपहरी में लाइन लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। ऐसा इसलिए क्योंकि अब राशन दुकानें सुबह 7 से रात 9 बजे तक खुले रहेंगे। इस बीच लोग राशन लेने किसी भी समय जा सकेंगे। हालांकि गर्मी को देखते हुए दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक दुकानें दो घंटे के लिए बंद रहेंगी। जिले के सभी राशन दुकानों से दो टूक कहा गया है कि रात 9 बजे तक लोगों को राशन देना होगा। अभी दुकानदार शाम 5 से 6 बजे के बीच राशन देना बंद कर देते थे।

रायपुर में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। शहर में पिछले 10 दिनों से औसतन तापमान 42 डिग्री के आसपास है। इसी बीच राशन दुकानों से महिलाओं को तीन महीने का राशन दिया जा रहा है। तीन माह का राशन लेने छह बार अंगूठा लगाने की वजह से महिलाओं को आधे से एक घंटे तक लाइन में खड़े रहना पड़ रहा था। इसकी लगातार शिकायत की जा रही थी।

महिलाओं को रोजाना हो रही परेशानी को देखते हुए खाद्य विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। आमतौर पर राशन दुकानें सोमवार को बंद रहती हैं। दुकानदारों को हफ्ते में एक दिन रिकार्ड मेंटेन करने कि लिए सोमवार को दुकान बंद रखने की छूट दी गई है।

लेकिन अभी हीट वेव चलने की वजह से सभी दुकानदारों से कहा गया है कि वे सोमवार से रविवार तक दुकानों को खुली रखेंगे। इतना ही नहीं अन्य सरकारी छुट्टियों के अवसर पर भी दुकानों को खुला रखना होगा।

खाद्य विभाग के अनुसार तेज गर्मी और लू के चलते राशन बांटने के समय में बदलाव किया गया है। महिलाएं अब सुबह, शाम और रात में भी आसानी से राशन ले सकेंगी। दुकानदार को दोपहर में दुकान बंद रखने की छूट दी गई है।





































