मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में दिनदहाड़े बैंक डकैती की बड़ी वारदात सामने आई है। बैढ़न स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में शुक्रवार दोपहर करीब पांच हथियारबंद बदमाश घुस गए। आरोपियों ने फायरिंग करते हुए करीब 9 से 10 किलो सोना और लगभग 20 लाख रुपये नकद लूट लिए। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, लूटे गए सोने की कीमत करीब 15 करोड़ रुपये बताई जा रही है। घटना दोपहर लगभग 1 बजे की है।
मध्य प्रदेश : सिंगरौली में बैंक डकैती। बैंक ऑफ महाराष्ट्र में 5 बदमाश घुसे, 9–19 KG सोना और 20 लाख कैश लूटकर ले गए। pic.twitter.com/WDXKQJz6Lf
— Sachin Gupta (@Sachingupta) April 17, 2026

मिली जानकारी के अनुसार, लूटा गया सोना बैंक के ग्राहकों का था, जिसे गिरवी रखकर लोन दिया गया था। यह पूरा सोना एक ही लॉकर में रखा हुआ था, जिसे बदमाशों ने निशाना बनाया। आरोपी अपने साथ पिट्ठू बैग और एक बड़ा कपड़े का थैला लेकर आए थे, जिसमें उन्होंने लूट का सारा सामान भरकर फरार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शी आशीष पांडे ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ बैंक में मौजूद थे, तभी अचानक दो हथियारबंद बदमाश अंदर घुस आए और कर्मचारियों को बंधक बना लिया। कुछ ही देर में उनके तीन और साथी भी पहुंच गए और पूरे बैंक पर कब्जा कर लिया। बदमाशों ने वहां मौजूद लोगों पर बंदूक तान दी, जिससे बैंक परिसर में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर विधायक रामनिवास शाह मौके पर पहुंचे और बैंक कर्मचारियों व मैनेजर से बातचीत की। उन्होंने बताया कि मामला बेहद गंभीर है और मुख्यमंत्री खुद इसकी निगरानी कर रहे हैं। प्रभारी मंत्री संपतिया उइके के भी मौके पर पहुंचने की जानकारी है।

वहीं, रीवा रेंज के आईजी साकेत प्रसाद पांडे भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। उनके साथ रीवा से फोरेंसिक टीम भी जांच के लिए बुलाई गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश जारी है।



































