Gariyaband News: गरियाबंद, 17 अप्रैल 2026। जिले के छुरा क्षेत्र में पदस्थ एक पटवारी पर कथित रूप से रिश्वत लेने का आरोप सामने आने के बाद राजस्व विभाग में हलचल मच गई है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक ऑडियो-वीडियो क्लिप में संबंधित पटवारी को कथित तौर पर पैसे लेते और गिनते हुए देखा जा रहा है। मामला सामने आते ही जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।

बताया जा रहा है कि यह मामला छुरा तहसील के हल्का नंबर 28 और अतिरिक्त हल्का नंबर 36 में पदस्थ पटवारी खेमचंद साहू से जुड़ा है। वायरल वीडियो में वह कथित रूप से रकम गिनते नजर आ रहे हैं, जबकि ऑडियो में यह दावा किया जा रहा है कि ली गई राशि विभाग के उच्च अधिकारियों तक पहुंचाई जाती है। हालांकि, अब तक इस वायरल सामग्री की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों और आम नागरिकों का कहना है कि यदि आरोप सही साबित होते हैं, तो यह केवल एक व्यक्ति का मामला नहीं बल्कि पूरे सिस्टम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करता है। लोगों ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने छुरा तहसीलदार और संबंधित राजस्व निरीक्षक (आरआई) को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। अधिकारियों से पूछा गया है कि उनके कार्यक्षेत्र में ऐसी स्थिति कैसे बनी और अब तक क्या कार्रवाई की गई।



































