BILASPUR NEWS. ग्राम बरेला में जमीन विवाद को लेकर रची गई साजिश के तहत युवक के अपहरण और हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है। यह सनसनीखेज वारदात 26 दिसंबर को पंजाब नेशनल बैंक परिसर बरेला में हुई थी।

मृतक की पहचान राजकुमार धुरी (21 वर्ष), पिता बेनीराम धुरी, निवासी ग्राम बरेला, थाना जरहागांव के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि जमीन बिक्री को लेकर पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने एकराय होकर आपराधिक षड्यंत्र रचा और दिनदहाड़े बैंक परिसर से राजकुमार का अपहरण कर लिया। उसे कार में बैठाकर अन्य स्थान ले जाया गया, जहां बेरहमी से मारपीट की गई। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी मृतक को उसी कार से वापस लाकर उसके घर के पास फेंक कर फरार हो गए।

परिजनों द्वारा घायल अवस्था में युवक को तखतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में पहले थाना तखतपुर में जीरो मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की गई, जिसे बाद में थाना जरहागांव में मर्ग क्रमांक 56/2025 धारा 194 बीएनएसएस के तहत पंजीबद्ध किया गया। जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धारा 140(1), 103(2), 61(1)(ठ) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं एसडीओपी मयंक तिवारी के पर्यवेक्षण में जरहागांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। मृतक के परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपियों की तलाश की गई।

मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संतोष कुमार साहू (56), पोमेश साहू (27), सोनू राम साहू (45), उत्तम साहू (28) और समीर कोशले (19) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपहरण कर हत्या करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कार, एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी जब्त की गई। मामले में धारा 238(1) बीएनएस भी जोड़ी गई है। सभी आरोपियों को 28 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जरहागांव सहित साइबर सेल और पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय रही।




































