JASHPUR NEWS. मैं तुम्हारे बिना नहीं रह सकता… यह वो झूठा वाक्य था जिसे सच मानकर जशपुर की एक 15 साल की लड़की घर की दहलीज लांघ गई। नतीजा यह हुआ कि उसे जशपुर से केरल और फिर झारखंड तक दर-दर भटकना पड़ा और शारीरिक शोषण का शिकार होना पड़ा। जशपुर पुलिस ने इस दुखद सफर का अंत आरोपी अशोक यादव की गिरफ्तारी के साथ किया है।

घटना 14 दिसंबर की है। रात 11 बजे जब पूरा परिवार सो रहा था, नाबालिग अपने प्रेमी अशोक यादव के साथ भाग निकली। दोनों बाइक से झारसुगुड़ा पहुंचे और वहां से ट्रेन पकड़कर केरल चले गए। अनजान शहर और रेलवे स्टेशनों पर रातें गुजारने के बाद आरोपी उसे लेकर झारखंड के सिमडेगा पहुंचा।

25 दिसंबर 2025 को पीड़िता के पिता द्वारा गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद एसएसपी शशि मोहन सिंह ने मामले को गंभीरता से लिया। पुलिस टीम ने लोकेशन ट्रेस कर झारखंड में दबिश दी और आरोपी को दबोच लिया। एसएसपी ने कहा कि बच्चों के खिलाफ अपराध में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। आरोपी को झारखंड से गिरफ्तार कर जशपुर लाया गया, जहां उसे जेल भेज दिया गया है। वहीं, मेडिकल चेकअप के बाद नाबालिग को सुरक्षित उसके माता-पिता के पास पहुंचा दिया गया है।

शादी का वादा बना शोषण का हथियार
आरोपी अशोक यादव (21 वर्ष) ने नाबालिग को शादी का सपना दिखाया था, लेकिन हकीकत में उसने नाबालिग का शारीरिक शोषण किया। सिमडेगा में आरोपी के घर से पुलिस ने जब नाबालिग को बरामद किया, तब जाकर उसकी आपबीती सामने आई।






































