RAIPUR NEWS. पीसीसी चीफ दीपक बैज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिख कर किसी वरिष्ठ भाजपा नेता को उपराष्ट्रपति पद का प्रत्याशी बनाए जाने की मांग की है । पत्र में लिखा कि 15 साल तक लोकसभा चुनाव में जनता का अपार सहयोग मिलने के बावजूद भी छत्तीसगढ़ को अपेक्षाकृत प्रतिनिधित्व नहीं मिला। हर बार केवल राज्यमंत्री ही बनाया गया है । पूर्व कैबिनेट मंत्री शिव डहरिया ने भी दीपक बैज की इस मांग का समर्थन किया है।
प्रधानमंत्री को पत्र लिखे जाने के मामले में पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि मैंने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया है कि उपराष्ट्रपति के लिए छत्तीसगढ़ के किसी वरिष्ठ भाजपा नेताओं को प्रत्याशी बनाया जाए । मैने सुझाव दिया है कि महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह, पूर्व गृहमंत्री ननकी राम कंवर, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक को उपराष्ट्रपति पद का प्रत्याशी बनाया जा सकता है।
इस पर कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि इस पत्र से साफ है कि कांग्रेस को कैंडिडेट नहीं मिलने वाला है । कांग्रेस पश्चाताप के मूड में भी दिख रही है । कांग्रेस ने द्रौपदी मुर्मू का भी समर्थन नहीं किया था । पत्र से लगता है कांग्रेस सरेंडर कर चुकी है।
बता दें कि जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद अब उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मंगलवार को जारी अपने राजपत्र (गजट) के माध्यम से धनखड़ के इस्तीफे को अधिसूचित किया। चुनाव प्रक्रिया के जल्द ही शुरू होने से जल्द ही चुनाव तारीखों की घोषणा होने की भी उम्मीद है। तारीखों की घोषणा के बाद ही उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के नाम की घोषणा हो जाएगी। इस बीच उपराष्ट्रपति पद के संभावित नामों को लेकर कयास लगने शुरू हो गए हैं। हालांकि, कहा जा रहा है कि उपराष्ट्रपति बीजेपी से ही होगा।



































