BILASPUR. ठगी व धोखाधड़ी के मामले आजकल बढ़ गए है। कौन किसको चूना लगा दे समझ नहीं सकते हैं। कभी ऑनलाइन फ्राड तो कभी सामान सप्लाई करने के नाम पर रुपये लेने के बाद मुकर जाते हैं। ऐसा ही एक मामला तोरवा थाने में आया है। जहां पर ठेकेदार से पाइप सप्लाई के नाम पर 25 लाख की धोखाधड़ी हुई है। पीड़ित ठेकेदार ने पुलिस में इसकी शिकायत की है। पुलिस ने मामले को जांच में लिया है।
बता दें, मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक सरकण्डा में रहने वाले विष्णु प्रसाद अग्रवाल ठेकेदार है। महमदं में नलजल योजना के तहत काम कर रहे हैं। उनके फर्म को तोरवा क्षेत्र में पानी टंकी निर्माण और पानी सप्लाई के लिए पाइप बिछाने का ठेका मिला है।
उन्होंने पुलिस को अपनी शिकायत में बताया कि सितंबर 2023 में उनके ऑफिस में बिहार के पटना के अंतर्गत कंकड़ बाग स्थित मेसर्स शिवनिया इंटरप्राइजेस के हरिकेश तिवारी और अभिषेक नामदेव आए। उन्होंने पाइप सप्लाई के लिए सौदा किया। सौदे के बाद ठेकेदार ने दोनों को पांच लाख रुपये का चेक दे दिया।
इसके बाद करीब दो महीने के बाद ठेकेदार को बताया गया कि उनके पते पर पाइप भेजा जा रहा है। इसके लिए 20 लाख रुपये मांगे गए। शेष रकम पाइप मिलने के बाद देने के लिए कहा गया। उनकी बातों पर भरोसा करते हुए ठेकेदार ने आरटीजीएस के माध्यम से 20 लाख रुपये बताए एकाउंट में डाल दिए।
इसके बाद भी उन्हें पाइप नहीं मिला। फोन करने पर अलग-अलग बहाने बनाकर टालमटोल किया जाने लगा। ठेकेदार ने अपने कर्मचारियों को बिहार भेजा। वहां बताए पते पर पहुंचकर कर्मचारियों ने हरिकेश और अभिषेक से बातचीत की।
इस पर जल्द ही पाइप सप्लाई करने का आश्वासन देकर कर्मचारियों को भेज दिया गया। बाद में दोनों ने ठेकेदार का फोन उठाना बंद कर दिया। धोखाधड़ी की आशंका पर ठेकेदार ने घटना की शिकायत तोरवा थाने में की है। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।