PATNA NEWS. बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम आ चुके हैं। प्रदेश में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनने जा रही है। वहीं, इस चुनाव में प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी को करारी हार मिली है। यहां जन सुराज की एक भी सीट में जीत नहीं हुई है। इस हार के बीच दुख खबर मिली है। भोजपुर जिले के तरारी विधानसभा क्षेत्र के जन सुराज प्रत्याशी चन्द्रशेखर सिंह का शुक्रवार की शाम निधन हो गया। पटना के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार 31 अक्टूबर को चुनाव प्रचार के दौरान जसुपा उम्मीदवार चन्द्रशेखर सिंह को पहला हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद उन्हें तत्काल पटना के बड़े अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार जारी था, लेकिन दोपहर बाद उनकी स्थिति बिगड़ती गई। शाम चार बजे उन्हें दूसरा हार्ट अटैक आया और निरंतर प्रयासों के बावजूद शाम सात बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।

बता दें कि तरारी विधानसभा सीट पर नतीजे सामने आ चुके हैं। वोटों की गिनती पूरी होने के बाद सामने आए आंकड़ों के मुताबिक, BJP प्रत्याशी विशाल प्रशांत ने 11464 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की है। उन्होंने CPI(ML)(L) उम्मीदवार मदन सिंह को शिकस्त दी है। वहीं, जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार चंद्रशेखर सिंह को 2 हजार 271 वोट मिले हैं और वो हार गए हैं।

चन्द्रशेखर सिंह तरारी के कुरमुरी गांव के मूल निवासी थे। पूर्व में शिक्षक संघ के सक्रिय पदाधिकारी रहे थे और ब्रह्मर्षि समाज के प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व भी संभाल चुके थे। समाज में उनकी पकड़ और प्रतिष्ठा काफी मजबूत मानी जाती थी। चुनाव अभियान के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। इस खबर से तरारी, कुरमुरी और आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई।





































