MUMBAI NEWS. हिंदी सिनेमा के दिग्गज और “ही-मैन” के नाम से मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र का 89 वर्ष की उम्र में निधन की अफवाह पर उनकी पत्नी हेमा मालिनी भड़क गई हैं। हेमा मालिनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर धर्मेंद्र के निधन की खबरों पर गुस्सा जाहिर किया है।
उन्होंने ट्वीट कर लिखा, “जो हो रहा है वो माफी के लायक नहीं है! जिम्मेदार चैनल ऐसे व्यक्ति के बारे में झूठी खबर कैसे फैला सकते हैं जिसका इलाज चल रहा है और वह ठीक हो रहा है? यह बेहद अपमानजनक और गैरज़िम्मेदाराना है। कृपया परिवार और उनकी निजता की जरूरत का पूरा सम्मान करें।”

सांस लेने में हो रही थी तकलीफ
बताते चलें कि सोमवार को सांस लेने में तकलीफ के बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। धर्मेंद्र की बिगड़ती तबीयत की खबर सामने आते ही इंडस्ट्री में सन्नाटा पसर गया। बॉलीवुड कलाकारों में शाहरुख खान, सलमान खान और गोविंदा सहित कई सितारे अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल लेने आए। देओल परिवार हॉस्पिटल में लगातार मौजूद रहा।

हेमा मालिनी ने की ये अपील
इसी बीच उनकी पत्नी और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने 10 नवंबर की शाम सोशल मीडिया पर धर्मेंद्र की एक मुस्कुराती हुई तस्वीर शेयर की थी। उन्होंने लिखा था, “मैं सभी का आभार व्यक्त करती हूं, जिन्होंने धरम जी की चिंता की। वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं और हम सब उनके साथ हैं। कृपया सभी उनकी सेहत के लिए प्रार्थना करें।”

सात दशक लंबा शानदार करियर
धर्मेंद्र ने 60 के दशक से लेकर आज तक अपनी अभिनय यात्रा को जीवंत बनाए रखा। करीब सात दशकों में उन्होंने 300 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया। इनमें ‘शोले’, ‘चुपके चुपके’, ‘सीता और गीता’, ‘धरम वीर’, ‘राजा जानी’ और ‘यादों की बारात’ जैसी फिल्में उनके करियर की पहचान बनीं। उनके दमदार संवादों और एक्शन ने उन्हें हिंदी सिनेमा का “ही-मैन” बना दिया।

दिसंबर में फिल्म इक्कीस होगी रिलीज
उनके अभिनय वाली फिल्म ‘इक्कीस’ 25 दिसंबर को रिलीज होगी, जिसमें वे अमिताभ बच्चन के पोते अगस्त्य नंदा के साथ नजर आएंगे। धर्मेंद्र ने हाल ही में करण जौहर की फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ में अभिनय किया था। इसके बाद वे ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ में दिखाई दिए।



































