KORBA NEWS. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने पत्नी को मनाने के लिए ऐसा कदम उठाया कि पूरा गांव दहशत में आ गया। यह घटना किसी फिल्मी सीन से कम नहीं लगी और लोगों को शोले के मशहूर ‘वीरू-टंकी’ वाले दृश्य की याद दिला गई। मामला उरगा थाना क्षेत्र के करमंदी गांव का है।

करमंदी गावं में रहने वाला मुकेश सांडे अपनी पत्नी के मायके जाने से इतना नाराज हो गया कि सोमवार शाम नशे की हालत में करीब 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया। टॉवर पर चढ़कर वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा और करंट वाले तारों को छूने की कोशिश भी करने लगा, जिससे बड़ा हादसा होने का खतरा बन गया।

बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आए दिन के झगड़ों से परेशान होकर पत्नी मायके चली गई थी। युवक ने उसे मनाने की कई कोशिशें कीं, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद उसने यह खतरनाक कदम उठा लिया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नवीन पटेल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टॉवर की ऊंचाई ज्यादा होने के कारण सीधे बातचीत संभव नहीं थी, इसलिए पुलिस ने मोबाइल के जरिए युवक से संपर्क साधा। शुरुआत में युवक बात करने को तैयार नहीं था, लेकिन बाद में थाना प्रभारी ने उसे समझाने में सफलता हासिल की।

युवक ने शर्त रखी कि उसकी पत्नी घर लौटने के लिए राजी हो, तभी वह नीचे उतरेगा। पुलिस ने समझदारी दिखाते हुए पत्नी से बात की, जिसने विवाद न करने की शर्त पर घर लौटने की सहमति दे दी। इसके बाद करीब ढाई घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे का अंत हुआ और युवक सुरक्षित नीचे उतर आया।

नीचे उतरने के बाद पुलिस ने उसे एहतियातन अस्पताल भेज दिया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।




































