INDORE NEWS. मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित झलारिया के शिशुकुंज स्कूल में शुक्रवार को कैमिस्ट्री लैबोरेटरी में एक हादसा हो गया। इसमें 5 विद्यार्थी, एक टीचर और एक लैब असिस्टेंट घायल हो गए। कक्षा 7 के छात्रों को विज्ञान का प्रयोग दिखाया जा रहा था। इस दौरान कांच का फ्लास्क टूट गया, जिससे एसिड गिर गया और वहां मौजूद बच्चों और शिक्षक को मामूली चोटें आईं।
प्रारंभिक अफवाहों के बावजूद स्कूल प्रबंधन ने हालात को सामान्य बताया और पुष्टि की कि सभी स्टूडेंट्स पूरी तरह सुरक्षित हैं। स्कूल प्रशासन ने जानकारी दी कि कक्षा 7 के छात्र प्रयोग देख रहे थे, इसी दौरान 5 मिलीलीटर डायल्यूटेड हाइड्रोक्लोरिक एसिड वाला फ्लास्क के टूट गया।

एसिड से मामूली जले बच्चे
इससे एसिड की कुछ बूंदें और कांच के छोटे टुकड़े पास खड़े स्टूडेंट्स और शिक्षक पर गिर पड़े। घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को त्वचा विशेषज्ञ के पास ले जाकर प्राथमिक उपचार दिया गया। स्कूल प्रबंधन ने सभी संबंधित अभिभावकों को तत्काल सूचना दी और बताया कि किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है।

बड़ा विस्फोट नहीं था- प्रिसिंपल
प्रिसिंपल ललिता सिंह ने स्पष्ट किया कि यह कोई बड़ा विस्फोट नहीं था। लैब प्रयोग के दौरान हुआ एक छोटा हादसा था। बयान में यह भरोसा दिलाया गया कि किसी भी छात्र को अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी। घटना के बाद सभी विद्यार्थी सामान्य स्थिति में लौट आए, स्कूल में खाना खाया और अपनी-अपनी बसों से घर चले गए।

लैब की सुरक्षा और की जाएगी पुख्ता
प्रबंधन ने बताया कि सुरक्षा प्रथम प्राथमिकता है और भविष्य में ऐसी किसी भी अनहोनी से बचने के लिए लैब की सुरक्षा व्यवस्था और सख्त की जाएगी। सुरक्षा गाइडलाइन छात्रों के साथ साझा की जा रही है और शिक्षकों को सतर्क रहने को कहा गया है।

बच्चों की देखभाल कर रहे हैं- स्कूल
इस घटना के बाद इंदौर में स्कूल सुरक्षा व्यवस्था के प्रति अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। हालांकि, स्कूल प्रबंधन ने फिर से भरोसा दिलाया है कि सभी बच्चों का देखभाल किया जा रहा है और प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे पूरी तरह स्वस्थ हैं।





































