RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ महतारी और प्रदेश की अस्मिता को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार हो रहे आपत्तिजनक बयान और वीडियो से प्रदेशवासियों में आक्रोश व्याप्त है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना रायपुर और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के पदाधिकारियों ने 5 नवंबर को सिविल लाइन थाना रायपुर पहुंचकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की और चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

ज्ञापन में बताया गया है कि Instagram ID deepak_lalwani23 से जुड़े एक युवक ने छत्तीसगढ़ महतारी के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी की है। वहीं, chandani_vologssss नामक आईडी से जुड़ी एक युवती ने वीडियो में छत्तीसगढ़िया लोगों को अपमानित करते हुए छक्का कहा है। इसके अलावा जिम्मी अग्रवाल नामक व्यक्ति ने एक वीडियो बनाकर अमित बघेल की माता के प्रति अपशब्द कहे हैं, जबकि रायगढ़ के एक अन्य व्यक्ति ने संत गुरु घासीदास जी के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग किया है।

संगठनों ने कहा कि इस प्रकार की टिप्पणियां और वीडियो न केवल छत्तीसगढ़ महतारी का अपमान हैं, बल्कि प्रदेश की संस्कृति, मातृभक्ति और सामाजिक एकता पर भी गहरा प्रहार करते हैं। उन्होंने इन सभी मामलों में तत्काल FIR दर्ज करने और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कड़ी निगरानी की मांग की है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान रायपुर जिला संयोजक राहुल वर्मा सहित छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी और प्रदेश की अस्मिता का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्यवाही नहीं की, तो व्यापक आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।





































