NOIDA NEWS. नोएडा के सेक्टर-82 कट चौकी के पास गुरुवार सुबह नाले में एक करीब 30 साल की महिला का निर्वस्त्र मिला है। पुलिस ने लगभग छह से सात फुट गहरे नाले से शव बरामद करके पोस्टमार्टम के लिए भेजा। महिला की गर्दन और दोनों हाथ काटे गए थे, जो बताता है कि महिला की हत्या की निर्ममता से की गई है।
पुलिस ने मौके पर एडीसीपी और एसीपी के निर्देशन में सर्च अभियान भी चलाया, लेकिन कटे अंग नहीं मिले। पुलिस ने महिला के शरीर पर मिले बिछुओं की मदद से उसकी पहचान करने और अपराधियों की तलाश तेज कर दी है। प्रारंभिक जांच से यह अनुमान लग रहा है कि हत्या किसी परिचित ने की होगी।

अवैध संबंधों का लग रहा है केस
पुलिस का कहना है कि मामला अवैध संबंध या प्रेम विवाद से जुड़ा हो सकता है। हत्या 16 से 24 घंटे पहले की गई और शव उसी समय नाले में फेंका गया। नाले के किनारे सफाई कर रहे कर्मचारी ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। शव के ऊपर कंबल डालकर उसे छिपाने की कोशिश की गई थी।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
फोरेंसिक टीम को साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल एवं आसपास के जंगल और सड़क पर शव के टुकड़ों की तलाश की, लेकिन महिला के काटे गए अंग नहीं मिले हैं। एडीसीपी नोएडा सुमित शुक्ला ने बताया कि महिला की हत्या के बाद उसका शव नाले में छिपाने के लिए सिर और हाथ काटे गए।

सीसीटीवी खंगाल रही है पुलिस
महिला की शिनाख्त करने के लिए कमिश्नरेट के साथ क्षेत्र के आस-पास के जिलों को महिला की फोटो भेजी गई है। पुलिस ने घटना स्थल और आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। साथ ही संदिग्ध वाहनों और सक्रिय मोबाइल नंबरों की जानकारी जुटाई जा रही है।

आरोपी को पता था आस-पास नहीं हैं सीसीटीवी
माना जा रहा है कि आरोपी को जंगल के आसपास सीसीटीवी नहीं होने की जानकारी थी। इससे वह लाश को ठिकाने लगाने के बाद आसानी से फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस निर्मम हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा। आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए व्यापक स्तर पर पुलिस कदम उठा रही है।




































