BILASPUR NEWS. बिलासपुर में फिर एक कलयुगी बेटे ने डंडे से पीट-पीटकर अपने पिता की हत्या कर दी है। दुकान चलाने के विवाद में आरोपी बेटे ने इस पूरे वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

दरअसल, मामला सकरी थाना क्षेत्र का है। जहां बिनौरी गांव निवासी टिल्ली उर्फ राजेश यादव और पिता हर प्रसाद यादव चाय नाश्ता का दुकान चलाते हैं। दुकान को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होते रहता था। बताया जा रहा है, घटना के दिन बाप बेटे दोनों ने शराब पिया। शराब के नशे में दोनों के बीच दुकान लगाने को लेकर विवाद होने लगा।

विवाद देखते-देखते इतना बढ़ा कि टिल्ली ने घर में रखे डंडे से पिता हर प्रसाद पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इससे हर प्रसाद खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गया। जैसे ही इसकी जानकारी लोगों को मिली, गंभीर हालत में उसे सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान हर प्रसाद की मौत हो गई।

पुलिस को हर प्रसाद के मौत की जानकारी दी गई। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी बेटे टिल्ली यादव को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बेटे के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

इस घटना ने आसपास के सभी लोगों को झकझोर कर रख दिया है। एक पिता की उम्मीद होती है कि उसका बेटा बड़ाकर होकर उसका सहारा बने, उसका हर काम में हाथ बंटाए और जब पिता बुजुर्ग हो जाए तो उसकी सेवा करे, लेकिन इस कलयुगी बेटे ने तो अपने ही हाथों से अपने पिता को मौत की नींद सुला दिया है।
