BIJAPUR NEWS. बीजापुर जिले में थाना उसूर क्षेत्र के ग्राम पुजारीकांकेर में माओवादियों ने एक बार फिर अपनी कायराना हरकत को अंजाम दिया। मिली जानकारी के अनुसार आज देर रात माओवादियों ने ग्रामीण मड़कम भीमा के घर पर पहुंचकर उसे मुखबिरी का आरोप लगाते हुए बाहर बुलाया और धारदार हथियार से बेरहमी से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

सूचना मिलते ही थाना उसूर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की तस्दीक की। घटना की पुष्टि होने पर पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है।

प्रशासन द्वारा लगातार अभियान चलाकर नक्सलियों की गतिविधियों को रोकने और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। यह घटना एक बार फिर इस बात का प्रमाण है कि माओवादी आम निर्दोष ग्रामीणों को निशाना बनाकर भय का वातावरण फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

बस्तर क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इसी तरह की एक अन्य घटना में सुकमा जिले के किस्टाराम थाना क्षेत्र में एक अन्य ग्रामीण की हत्या कर दी गई है। पुलिस को जानकारी मिली है कि बुधवार रात लगभग 8:30 बजे हमलावर किस्टाराम थाना क्षेत्र के सलातोंग गांव पहुंचे और ग्रामीण रवा सोना (55) को घर से बुलाकर लाठी डंडे से पिटाई कर दी। बाद में हमलावरों ने सोना की गला घोंटकर हत्या कर दी और घटनास्थल से फरार हो गए।

उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस दल वहां के लिए रवाना किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि घटना के कारणों और घटना में संलिप्त अज्ञात आरोपी का पता लगाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने ग्रामीण की हत्या में नक्सलियों का हाथ होने की आशंका से इंकार नहीं किया है।
