BILASPUR NEWS. सरकंडा थाना क्षेत्र में संचालित शुअर जिंदगी गर्ल्स हॉस्टल में छात्रा से छेड़छाड़ करने वाले आरोपी हॉस्टल संचालक को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान गुरमीत सिंह (63 वर्ष), निवासी लिंगियाडीह, सरकंडा के रूप में हुई है। उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पीड़िता, जो अनुसूचित जाति वर्ग से है, सिलाई का काम करने के बाद रोजाना रात को हॉस्टल लौटती है। दिनांक 22 सितंबर की रात करीब 9 बजे वह काम से लौटकर हॉस्टल आई और किराया चुकाने के बाद अपने कमरे में सो गई। रात में गेट बंद करना भूल गई थी।
ये भी पढ़ें:मुंगेली में पालतू कुत्ते ने डॉक्टर को काटा, मालिक पर FIR
अगले दिन सुबह करीब 5 बजे आरोपी संचालक गुरमीत सिंह कमरे में घुस गया और कपड़े उठाकर गलत हरकत करने लगा। छात्रा के विरोध और शोर मचाने पर भी वह छेड़छाड़ करता रहा। खुद को बचाने के लिए छात्रा ने उसके हाथ में काटा, जिसके बाद वह वहां से भाग निकला।
पुलिस की तत्परता
छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल धारा 75(1)(प), 331(2) बीएनएस और SC/ST Act की धारा 3(2)V के तहत मामला दर्ज किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भापुसे) के निर्देश पर टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र जायसवाल और नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सरकंडा निरीक्षक निलेश कुमार पाण्डेय ने आरोपी को 23 सितंबर को दोपहर 3:45 बजे गिरफ्तार कर लिया।




































