RAIPUR NEWS. कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे 7 जुलाई को रायपुर में संविधान, जवान और किसान को लेकर सभा को संबोधित करेंगे। इसे लेकर प्रदेश में सियासत तेज हो गई है। एक तरफ जहां कांग्रेस ने खरगे के दौरे को अपने लिए संजीवनी बताया तो वहीं बीजेपी कांग्रेस संगठन को ही मृतप्राय बता रही है। बीजेपी का कहना है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस नेता एक दूसरे पर गोली ताने हैं। खरगे की सभा से कांग्रेसियों का भला नहीं होगा।

छत्तीसगढ़ में विधानसभा और लोकसभा चुनाव हारने के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पहली बार रायपुर पहुंच रहे हैं। 7 जुलाई को रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में संविधान, जवान और किसान को लेकर आयोजित सभा को संबोधित करेंगे।

इससे पहले की कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज उनके दौरे को कांग्रेस के लिए संजीवनी के समान बता रहे हैं। उनका कहना है खरगे के दौरे की पूरी तैयारी हो रही है। हमारे लिए यह संजीवनी की तरह काम करेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा हर जगह विष फैलाने का काम करती है मुद्दों को डाइवर्ट करती है।

वहीं इधर पूर्व भाजपा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा खरगे से संजीवनी मिलेगी मतलब कांग्रेस मृत प्राय है।छत्तीसगढ़ में कांग्रेस नेता एक दूसरे पर गोली ताने हैं। खरगे की सभा से कांग्रेसियों का भला नहीं होगा। वहीं मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कांग्रेस काफी समय से संजीवनी ले रही हैं, लेकिन कांग्रेस की बॉडी रिस्पांस नहीं कर रही है।


निश्चित रूप से खरगे के दौरे से पहले कांग्रेस की संजीवनी पर बहस छिड़ी हुई है। ऐसे में अब देखना होगा खरगे के दौरे के बाद क्या कांग्रेस वर्तमान स्थिति से बाहर निकल पाएगी ? वहीं अगर कांग्रेस को संजीवनी मिलती है तो क्या किसी एक को या सभी को मिलेगी यह भी देखना दिलचस्प होगा।