KORBA. कोरबा से बड़ी घटना सामने आई है। दरअसल, हसदेव नदी में 10 महीने का मासूम बह गया। बच्चे को बचाने नदी में उतरी मां भी तेज बहाव में बहने लगी। हालांकि पास मौजूद चरवाहों ने महिला को बचा लिया, लेकिन बच्चा अभी तक नहीं मिला। दरअसल, हादसा बांगो थाना के पाथाकछार गांव के पास हसदेव नदी के सिरकी घाट पर यह हादसा हुआ। सुनीता (25) अपने 10 माह के बेटे दुष्यंत को लेकर नहाने के लिए पहुंची। महिला नदी में उतरकर नहा रही थी। वहीं उसका बेटा नदी के किनारे खेल रहा था।
इस दौरान बच्चा रेंगते हुए नदी की ओर चला गया। वह जब पानी में डूबा, तब महिला की नजर पड़ी। वह उसे बचाने तेज बहाव के बीच मौके पर खोजबीन करने लगी। बच्चे के नहीं मिलने पर वह मूर्छित होकर नदी में बहने लगी।
इस दौरान नदी के किनारे चरवाहों की नजर पड़ी तो उन्होंने नदी में कूदकर महिला को निकाला। पेट में जा चुके पानी को बाहर निकाला तो उसे होश आया। उठने पर वह बच्चे के बारे में पूछने लगी। किसी तरह से उसे शांत कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम गोताखोरों को लेकर मौके पर पहुंची, जहां बांगो बांध से पानी का बहाव कम कराकर नदी में लापता हुए बच्चे की खोजबीन की जा रही है।
इस घटना की सूचना मिलते हैं टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कार्य शुरू किया। बांगो डैम के कुछ ही दूरी पर घटना स्थल है। जहां गांव से लगा हुआ हैय़ बांगो डेम से गेट खुले गए हैं। इसके चलते पानी का तेज बहाव होने के कारण बच्चा काफी आगे बढ़ जाने की संभावना जताई जा रही है फिर भी घटना स्थल से लेकर दर्री डेम तक लगभग 18 किलोमीटर तक वोट के माध्यम से तलाश की गई। लेकिन बच्चे का पता नहीं चल सका। संभावना जताई जा रही है कि जलकुंभी या फिर पानी में बहने के कारण आगे बढ़ गया होगा। फिलहाल तलाश जारी है।