अभय तिवारी
BALODA BAZAR. 10 जून को सतनामी समाज के आंदोलन के उग्र रूप लेने के बाद संयुक्त कार्यालय में हुई आगज़नी के प्रकरण में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस 10 जून से लगातार दबिश दे कर सीसीटीवी और सोशल मीडिया से प्राप्त वीडियो और फोटो के माध्यम से अब तक 137 आरोपियों को गिरफ़्तार कर चुकी है।
आंदोलन के उग्र रूप लेने के बाद भीड़ के द्वारा पुलिस से झूमझाटकी और पत्थरबाज़ी करने पर पुलिस अधिकारी,पुलिस कर्मचारी एवं प्रशासनिक अधिकारियों को गंभीर चोटें आयी थी। पुलिस ने धरना प्रदर्शन, तोड़फोड़ और आगजनी करने के आरोपियों के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली बलौदा बाज़ार में विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। इसमें शामिल असामाजिक और उपद्रवी तत्वों की गिरफ़्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीम बनाकर काम कर रही है। आरोपियों को चिह्नित कर उनके नाम पते फोटो आदि की पहचान कर संभावित छिपने के ठिकानों में दबिश देकर सतत धरपकड़ की जा रही है।
इस संगठन के संस्थापक सदस्य ने भीड़ को भड़काया
भीम क्रांतिवीर सेना के संस्थापक सदस्य किशोर नवरंगे को प्रदर्शन में शामिल होने भीड़ को उकसाने एवं सोशल मीडिया आदि के माध्यम से लोगों को ड़काने के आरोप में गिरफ़्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक़ उनकी एक टीम 10 जून को हुई घटना के बाद से ही लगातार आरोपी किशोर नवरंगे को पकड़ने में लगी हुई थी। किशोर नवरंगे लगातार अलग-अलग ठिकानों पर छुपकर पुलिस को चकमा दे रहा था।
मुखबिरों ने दिलाई कामयाबी
पुलिस के मुताबिक़ 10 जून को हुई घटना के बाद से ही किशोर नवरंगे फ़रार चल रहा था। वह ग्राम गिन्दोला थाना लवन का निवासी है। आरोपी को चिन्हित करने के बाद घर जाने पर पुलिस को पता चला था कि वह 10 जून के बाद से ही घर में नहीं आया था। पुलिस को मुखबिरों से सूचना मिली थी की किशोर नवरंगे फ़रार होकर लवन छेत्र में ही कहीं छुपा हुआ है। मुखबिर की जानकारी पर पुलिस कि टीम द्वारा संबंधित स्थल पहुँच कर किशोर नवरंगे को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस की टीम के द्वारा किशोर नवरंगे से गहन पूछताछ जारी है।
घटना में शामिल अन्य आरोपियों एवं संपूर्ण घटनाक्रम के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियाँ पूछताछ में पुलिस को मिल रही है। पुलिस ने माना है की किशोर नवरंगे ही भीड़ को भड़काने में मुख्य आरोपियों में से एक है और गिरफ़्तारी के बाद से नवरंगे को माननीय न्यालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।