MOSCOW. रूस में बुधवार को एक विमान दुर्घटना में पुतिन के खिलाफ बगावत करने वाले वैगनर आर्मी चीफ येवगेनी प्रिगोझिन की मौत की खबर आ रही है। बताया जा रहा है कि हादसा मॉस्को और सेंट पीटर्सबर्ग के बीच हुआ। इस दुर्घटना में दस लोगों के मारे जाने की जानकारी मिली है।
विमान में सवार यात्रियों की लिस्ट में रूस की निजी सेना वैगनर ग्रुप के चीफ येवगेनी प्रिगोझिन का नाम भी शामिल है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि प्रिगोझिन इस प्लेन में थे या नहीं। मगर, रूस की कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह कहा जा रहा है कि यह प्रिगोझिन का निजी विमान था।
रूस की सरकारी न्यूज एजेंसी तास ने अधिकारियों के हवाले से खबर दी है कि विमान में तीन पायलट सहित कुल सात यात्री सवार थे। इस खबर के सामने आने के बाद सवाल उठ रहे हैं कि यह महज दुर्घटना है या राष्ट्रपति पुतिन ने अपने विरोधी का सफाया कर दिया है। बहरहाल, इस विमान हादसे के कारण की जांच की जा रही है।
वैगनर एक प्राइवेट आर्मी है, जो रूसी सेना के साथ मिलकर यूक्रेन में युद्ध लड़ रही थी। इससे पहले भी रूसी राष्ट्रपति के इशारे पर यह प्राइवेट आर्मी विदेशों में कई मिशन को अंजाम दे चुकी है। हाल के दिनों में इस वैगनर चीफ प्रिगोझिन की रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ अनबन हो गई थी। इसके बाद प्रिगोझिन ने पुतिन के खिलाफ बगावत कर दी थी।
पुतिन ने कभी अपने सबसे खास रहे प्रिगोझिन के इस कदम को ‘गद्दारी’ करार दिया था। हालांकि, प्रिगोझिन ने दावा किया था कि वो यूक्रेन में युद्ध की कमान संभाल रहे कमांडरों का विरोध कर रहे हैं। इस विवाद के बढ़ने के बाद बेलारूस के राष्ट्रपति ने दोनों के बीच मध्यस्थता की थी।