
DURG. प्रदेश में बढ़ते ठगी के मामलो में आज प्रदेश के दुर्ग जिले से एक नया मामला जुड़ गया है। यहां एक महिला ठगी का शिकार हो गई है। दरअसल पहले महिला को एक अज्ञात कॉलर का कॉल आता है, फिर वह केवाईसी अपडेट करने के लिए एक लिंक भेजता है। महिला केवाईसी के झांसे में आ जाती है, और लिंक पर क्लिक कर देती है। ऐसा करते ही महिला के खाते से हजार दो हजार नहीं बल्कि पूरे 3 लाख 94 हज़ार 772 रुपए कट गए। मामला मोहन नगर थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार महिला को अज्ञात कॉलर का कॉल आया और केवाईसी अपडेट करने के लिए कहा गया। महिला का बैंक खता बेंगलुरू की शाखा में है। वह कोरोना काल के दौरान वर्क फ्रॉम होम में काम कर रही है। महिला ने भेजे गए लिंक को जैसे ही क्लिक किया। उसके खाते से 3 लाख 94 हज़ार 772 रुपए कट गए। जब महिला को ठगी का एहसास हुआ तो महिला मोहन नगर थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। मोहन नगर पुलिस ने अज्ञात कॉलर के खिलाफ धारा 420 के तहत अपराध दर्ज किया है।

शानू वोहरा नाम की महिला बैंगलोर मे काम करती है। जहां उसका एचडीएफसी बैंक शाखा बेलन्दुर बैंगलोर मे बचत खाता क्रमांक 17561140002318 है। साथ ही एचडीएफसी बैंक शाखा बनेरगट्टा बैंगलोर मे बचत खाता क्रमांक 50100119526500 है। वह कोरोना काल के दौरान वर्क फ्रॉम होम के तहत अपने निवास मकान नं 22 मोहन नगर दुर्ग मे रहने लगी। उसने बताया कि 29 नवंबर 2022 को शाम 7:30 बजे उसे एक अज्ञात मोबाइल नंबर 7847860705 से कॉल आया और कॉलर ने कहा कि अपने सेविंग खाता का KYC अपडेट करें।

महिला ने बताया कि एचडीएफसी बैंक का इंसोरेंश प्रीमियम का भुगतान बाकि था जो एकाउंट से कटा नहीं था। इसके चलते उसने कॉलर द्वारा भेजे लिंक पर KYC अपडेट करने के लिए क्लिक कर दिया। लिंक को क्लिक करते ही महिला के दोनों खातों से 3 लाख 94 हजार 772 रुपए निकाल लिए गए। इसके बाद कॉलर ने नेट बैंकिंग मे लॉग इन करके ओटीपी डालने कहा जिससे पैसा वापस खाते में आने की बात कही। लेकिन महिला को ठगी का एहसास हो गया था और फिर उन्होंने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

मोहन नगर पुलिस ने बताया कि यह मामला साइबर ठगी का है। महिला के खाते से 29 नवंबर 2022 को पैसे कटे थे। तब से पैसे की वापसी के लिए महिला ने बैंक में आवेदन किया था और साइबर यूनिट बैंगलोर में भी सूचना दी थी। रकम वापसी नहीं होने पर महिला ने 06 फरवरी को थाने में आकर एफआईआर दर्ज कराई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।





































