RAIPUR. रायपुर नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वीआईपी रोड स्थित ग्वाला रेस्टोरेंट और साहू होटल को सील कर दिया है। जिसके बाद होटल संचालक ने मिट्टी तेल डालकर आत्महत्या करने की धमकी दी है। दरअसल, रायपुर नगर निगम सड़क जाम करने वाले होटल संचालकों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।

राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड स्थित ग्वाला रेस्टोरेंट और साहू होटल में उस समय विवाद की स्थिति निर्मित हो गई जब रायपुर नगर निगम की टीम कार्रवाई के लिए वहां पहुंची। अतिक्रमण हटान की इस कार्रवाई के दौरान व्यापारी—अधिकारियों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद होटल संचालक ने मिट्टी तेल डालकर आत्महत्या करने की धमकी दे दी।

बता दें कि इसके पहले खमतराई में रायपुर नगर निगम की टीम ने बुधवार को कई स्थानों पर किए गए अतिक्रमण पर कार्रवाई करते हुए उन्हें हटा दिया था। खमतराई से गुढ़ियारी, अश्विनी नगर और तेलीबांधी ब्रिज के नीचे से जाने वाले रास्तों पर दुकानदारों ने सड़क को घेरकर कब्जा कर लिया था। अवैध कब्जे को हटाने के लिए नगर निगम की टीम पूरे दलबल के साथ सड़कों पर निकली।

अतिक्रमण हटाने के दौरान कोई विवाद या अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए पुलिस भी तैनात रही। रायपुर निगम आयुक्त मयंक चतुर्वेदी के आदेश के बाद शहर की सड़कों को कब्जामुक्त करवाया गया है। निगम जोन- 1 में खमतराई बाजार से श्रीनगर होकर गुढ़ियारी तक सड़क से ठेले-गुमटी को हटाकर कब्जे से मुक्त किया।

इसके साथ ही इस एरिया में सड़क के किनारे स्थित दुकानदारों ने भी अपने सामानों को बाहर फैलाकर रखा था। इससे सड़क से गुजर रहे लोगों को लगातार परेशानी होती थी। कार्रवाई के दौरान सोफा सेट, सिंटेक्स पानी टंकी, बैनर-पोस्टर, कुर्सियों को भी जब्त कर लिया गया है। नगर निगम के दस्ते ने लगभग 70 दुकानों पर कार्रवाई की थी।





































