BHILAI. राजधानी से लगे कुम्हारी में निर्माणाधीन फ्लाईओवर ब्रिज में कंस्ट्रक्शन कंपनी की लापरवाही के चलते एक बाइक और एक कार ब्रिज से नीचे गिर गई थी। इस हादसे में पति और पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने फ्लाईओवर का निर्माण कर रही रॉयल इंफ्रा कंस्ट्रू लिमिटेड के सीनियर इंजीनियर पीयूष पाढ़ही को गिरफ्तार कर न्ययालय में पेश किया है। पुलिस ने इस हादसे में हुई मौतों के लिए फ्लाईओव बनाने वाले लोगों के विरुद्ध गंभीर अपराध में मामला दर्ज किया है।

बता दें, भिलाई-रायपुर के बीच कुम्हारी में निर्माणाधीन फ्लाईओवर ब्रिज से 9 दिसम्बर को रात लगभग 11:30 बजे एक कार और एक बाइक गिर गई थी। इस हादसे में आजुराम देवागन और उसकी पत्नी निर्मला देवागन की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं 12 साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई थी। जिसका इलाज किया जारहा है। दरअसल यह फ्लाईओवर अभी पूरी तरह से नहीं बना है। लेकिन इसे बना रही कंपनी ने ऐसी कोई जानकारी यहां नहीं लिखी थी। और न ही स्टॉपर, बेरियर लगाया हुआ था। वहीं दूसरी तरफ से ब्रिज का निर्माण पूरा हो चुका है जिससे अमूमन वाहन चालक अधूरे ब्रिज में चढ़ जाते है।

इस मामले में कुम्हारी थाने में फ्लाईओवर का निर्माण कर रही रॉयल इंफ्रा कंस्ट्रू लिमिटेड और ठेकेदारों के विरुद्ध प्राथी: टोकेन्द्र देवागन के रिपोर्ट किये जाने के बाद अपराध पंजीकृत किया गया था। पुलिस द्वारा इसकी जांच की जा रही थी।

दुर्ग जिले के SP डॉ.पल्लव ने जानकारी देते हुए बताया कि कुम्हारी में निर्माणाधीन फ्लाईओवर ब्रिज में कंस्ट्रक्शन कंपनी की लापरवाही के चलते 9 दिसम्बर की रात हुई दुर्घटना में पति पत्नी की मौत हो गई थी। इस मामले में निर्माणकर्ताओं के विरुद्ध अपराध दर्ज कर लिया गया था। आज पुलिस की टीम ने रॉयल इंफ्रा कंस्ट्रू लिमिटेड के सीनियर इंजीनियर पीयूष पाढ़ही को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं कंपनी के डायरेक्टर जितेंद्र जैन, श्रेयांश जैन और प्रोजेक्ट हेड अनिरूद्ध जैन प्रोजेक्ट मैनेजर सांतनु मलिक की तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।






































