
RAIPUR. शायद ही कोई होगा, जो दूध नहीं पीता होगा। यह आपको ऊर्जा देता है और इसमें मौजूद प्रोटीन, कैल्शियम और कई अन्य पोषक तत्व सेहत के लिए फायदेमंद होते हैं। मगर, क्या आपको पता है कि दूध के साथ कुछ चीजों को नहीं खाना-पीना चाहिए। दरअसल, दूध के साथ कुछ चीजों के कॉम्बिनेशन से शरीर को नुकसान होता है।
आयुर्वेद के अनुसार, दूध पीने के बाद इन चीजों का सेवन करने से पित्त दोष बढ़ता है। साथ ही पाचन क्रिया से जुड़ी समस्याएं भी बढ़ जाती हैं। आइए जानते हैं ऐसी ही कुछ डाइट्स के बारे में

खट्टे फलों का दूध न लें
खट्टे फलों के साथ भी दूध नहीं पीना चाहिए। इसे खाने से उल्टी हो सकती है। इसलिए जब भी खट्टे फल खाएं तो कम से कम 2 घंटे बाद ही दूध का सेवन करें।
दूध के साथ उड़द की दाल से करें परहेज
उड़द की दाल खाने के कम से कम दो घंटे बाद दूध पीना चाहिए। उड़द की दाल और दूध का एक साथ या थोड़े अंतराल के बाद सेवन करने से आपको गंभीर नुकसान हो सकता है। इससे पाचन में गड़बड़ी, जी मिचलाना, उल्टी, शरीर में भारीपन महसूस होना और पेट दर्द जैसे लक्षण दिखने लगते हैं।
साथ न खाएं दूध और दही
वैसे दूध और दही खाने से सेहत को कई फायदे मिलते हैं। मगर, इन दोनों का एक साथ नहीं खाना-पीना चाहिए। दूध और दही दोनों का एक साथ या एक के बाद एक सेवन किया जाए तो पाचन तंत्र गंभीर रूप से प्रभावित होता है। इसके चलते आमतौर पर पेट दर्द और उल्टी की समस्या हो सकती है।
कटहल नहीं खाएं
दूध पीने के बाद कटहल न खाएं। या कटहल खाने के तुरंत बाद दूध न पीएं। ऐसा करने से त्वचा और पेट से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं। त्वचा पर रैशेज, खुजली और सोरायसिस हो सकता है। साथ ही यह पाचन क्रिया को भी प्रभावित कर सकता है।
मछली खाने के बाद दूध न पीएं
मछली के बाद दूध का सेवन करने से पाचन संबंधी समस्याएं जैसे फूड प्वाइजनिंग, पेट दर्द आदि के साथ-साथ त्वचा पर सफेद धब्बे भी हो सकते हैं। हालांकि, मछली के बाद दूध का सेवन न करने का कोई वैज्ञानिक कारण नहीं है।





































