भिलाई। पावर हाउस भिलाई के फलमंडी से लगी बस्ती में शनिवार को लगी आग ने 150 परिवारों के लगभग 700 लोगों को बेघर कर दिया है। आग बूझने के बाद यहां चारों ओर राख और बेघर लोगों के आंसू ही दिख रहे थे। रोते बिलखते बच्चे अपने किताबों खिलौनों को ढूंढ रहे थे तो महिलाएं व पुरुष अपने आशियाने के निशान देख रहे हैं। इस हादसे ने पूरी बस्ती को ही तबाह कर दिया।

भले ही निगम के रिकार्ड में यह अवैध बस्ती है लेकिन यहां फल मंडी में वेंडर्स का काम करने वाले लगभग 150 से ज्यादा परिवार रह थे। शनिवार दोपहर 2:45 बजे बस्ती के घर में आग लगी और देखते ही देखते आग पूरी बस्ती में फैल गई। यही नहीं इस दौरान 15 सिलेण्डर ब्लास्ट हुए। हादसे के बाद मौके पर जिला कलेक्टर, डॉ सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे, एसपी बद्रीनारायण मीणा व निगम के अफसर पहुंचे।

दूर से दिख रही थी लपटेंं
दूर दूर तक दिख रही थी आग
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आसमान में दूर दूर तक धुंआ व आग की लपटें दिखाई दे रही थी। वहीं बीच बीच में सिलेण्डर ब्लास्ट हो रहे थे। आग -आग चिल्लाते हुए झुग्गियों ने लोग बाहर निकले। लोग अपनी जान बचाकर इधर उधर भागने लगे थे। मौके पर फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां पहुंची और आग बुझाना शुरू किया। बताया जा रहा है कि दोपहर लगभग 2:45 बजे के आसपास बस्ती में आग लगी और 3:30 बजे फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची।

पावर हाउस फल मंडी के पीछे बस्ती में लगी आग
स्कूल भवन में रहने की व्यवस्था
घटना के बाद मौके पर प्रशासनिक अमले ने प्रभावित लोगों को राहत देने का काम शुरू कर दिया। मौक पर पहुंचे कलेक्टर सर्वेश्वर भुरे ने घटना की मेजेस्ट्रीयल जांच के आदेश दिए हैं। वहीं महापौर नीरज पाल एवं आयुक्त प्रकाश सर्वे के निर्देश पर विजय टॉकीज रोड के समीप स्कूल भवन में प्रभावितों को रहने की व्यवस्था की गई है। लगभग एक हजार लोगों की खाने की व्यवस्था, ठहरने की व्यवस्था, दवाइयों की व्यवस्था, पेयजल आदि की व्यवस्था कराई गई है।

जिस भवन में ठहराया गया वहां प्रभावितों के लिए खाना भी बनवाया गया
आयुक्त के निर्देश पर यहां कर्मचारियां की ड्यूटी भी लगाई गई है। नगर निगम द्वारा प्रभावितों के व्यवस्थापन को लेकर भी तैयारी की जा रही है। जहां हादसा हुआ वह पूरीर बस्ती अवैध बस्ती की श्रेणी में हैं इसके बाद भी निगम द्वारा नियमानुसार व्यवस्थापन कराए जाने की बात कही जा रही है। इस पूरे घटना क्रम में अब तक यह समझ नहीं आया कि आग कैसे लगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इसकी स्थिति स्पष्ट हो सकती है।
मुख्यमंत्री बघेल ने जताया दुख
इस घटना के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का भी बयान आया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भिलाई के फल मंडी पावर हाऊस के पीछे स्थित बस्ती में लगी आग की घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने जिला कलेक्टर को घटना से प्रभावित घालयों के त्वरित तथा उचित इलाज की व्यवस्था के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रभावितों को हर संभव मदद देने के निर्देश दिए हैं।




































