MUNGELI NEWS. छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में सड़क, पेयजल, सिंचाई और शिक्षा से जुड़ी सुविधाओं के विस्तार के लिए 465 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की शुरुआत की गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ग्राम कंतेली में आयोजित कार्यक्रम में जिले को 77 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 68 करोड़ रुपए से अधिक के 24 कार्यों का लोकार्पण और 397 करोड़ रुपए से अधिक के 53 कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास शामिल है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू करने और प्रति एकड़ 13,839 रुपए आदान सहायता देने की भी जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मुंगेली जिले में लगभग 143 करोड़ रुपए की लागत से 25 सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया है। इन सड़कों के बनने से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन आसान होगा। इसका लाभ किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को मिलेगा। वहीं, अमृत मिशन 2.0 के तहत 203 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली जल प्रदाय योजना की शुरुआत की गई है। इससे क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था मजबूत होगी। इसके अलावा जल संसाधन विभाग के 40 करोड़ रुपए से अधिक की लागत के 11 कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनसे सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा और किसानों को खेती में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई घोषणाएं भी कीं। इनमें ग्राम कंतेली में महाविद्यालय भवन और पंचायत भवन का निर्माण शामिल है। इसके अलावा ग्राम देवरी में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मृति वाटिका बनाई जाएगी। ग्राम कोदवा से खुर्शी तक सड़क मरम्मत एवं निर्माण कार्य भी कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कॉलेज भवन बनने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। वहीं, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मृति वाटिका आने वाली पीढ़ियों को देश के महानायकों के त्याग और बलिदान की याद दिलाएगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किसानों को बड़ी जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होगी। किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा। इस साल किसानों की सुविधा के लिए प्रदेश में 360 नए धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। इन्हें मिलाकर अब करीब 3100 केंद्रों के माध्यम से खरीदी की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री ने कृषक उन्नति योजना के तहत मिलने वाली आदान सहायता को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपए की दर से आदान सहायता राशि दी जाएगी। इसका लाभ लेने के लिए किसानों को धान की निर्धारित पूरी मात्रा बेचना अनिवार्य नहीं होगा।

68 लाख महिलाओं को हर महीने मिल रहे 1000 रुपए
मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना का जिक्र करते हुए बताया कि प्रदेश की लगभग 68 लाख महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना के तहत अब तक 33 किस्तों में 21,340 करोड़ रुपए महिलाओं के खातों में अंतरित किए जा चुके हैं। उन्होंने श्रीरामलला दर्शन योजना, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, सेवा सेतु पोर्टल और अटल डिजिटल सेवा केंद्रों के माध्यम से मिल रही सुविधाओं की भी जानकारी दी।
मुंगेली शहर के विकास के लिए 1000 करोड़ से अधिक की स्वीकृति
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने जिले को विकास कार्यों की सौगात मिलने पर बधाई दी। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में मुंगेली जिले में सड़क, पुल-पुलिया और पेयजल से जुड़े कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि मुंगेली नगरीय निकाय क्षेत्र के लिए एक हजार करोड़ रुपए से अधिक की स्वीकृति मिल चुकी है। इससे आने वाले समय में शहर की बुनियादी सुविधाओं और व्यवस्थित विकास को गति मिलेगी। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन, विधायक पुन्नूलाल मोहले, धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।




































