RAIPUR NEWS. दिवाली का त्योहार मनाने के बाद अब दूसरे शहरों से रायपुर लौटने वालों की जेब पर हवाई सफर भारी पड़ रहा है। त्योहार के बाद वापसी की बढ़ती मांग के चलते रायपुर आने वाली फ्लाइटों का किराया सामान्य दिनों के मुकाबले 50 फीसदी तक बढ़ गया है। दिल्ली और मुंबई से रायपुर आने के लिए यात्रियों को 14 से 15 हजार रुपए तक खर्च करने पड़ रहे हैं। वहीं, अहमदाबाद और पुणे से आने वाली फ्लाइटों का किराया 18 हजार रुपए तक पहुंच गया है। ट्रैवल्स एजेंसियों के मुताबिक, दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, बाद, पुणे, लखनऊ और हैदराबाद से रायपुर आने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। इन शहरों से वापसी के लिए अभी भी हवाई टिकट सामान्य दिनों की तुलना में काफी महंगे मिल रहे हैं। किराए में यह बढ़ोतरी 15 नवंबर तक बनी रहने की संभावना है।

दिल्ली से रायपुर के बीच एक दिन में छह फ्लाइट संचालित होने के बावजूद टिकटों के दाम में राहत नहीं मिल रही है। इस रूट पर यात्रियों को 10 हजार से 14 हजार रुपए तक किराया देना पड़ रहा है। मुंबई से रायपुर आने का किराया भी 11 हजार से 15 हजार रुपए के बीच चल रहा है। ट्रैवल एजेंसी संचालकों का कहना है कि हवाई टिकटों की उपलब्धता के आधार पर एयरलाइंस कंपनियां लगातार किराया बढ़ा रही हैं। जैसे-जैसे कम कीमत वाली सीटें बुक होती जा रही हैं, बची हुई सीटों के दाम बढ़ते जा रहे हैं। त्योहार के बाद एक साथ बड़ी संख्या में यात्रियों की वापसी भी किराया बढ़ने की प्रमुख वजह है।

पुणे-अहमदाबाद से रायपुर आना सबसे महंगा
कुछ शहरों से रायपुर आने के लिए सीमित फ्लाइट होने का असर भी टिकटों की कीमत पर पड़ रहा है। अहमदाबाद और पुणे से रायपुर के बीच एक-एक फ्लाइट होने के कारण इन रूटों पर किराया 18 हजार रुपए तक पहुंच गया है। यात्रियों को अपनी वापसी की तारीख के हिसाब से काफी महंगी टिकट बुक करनी पड़ रही है। फिलहाल त्योहार के बाद रायपुर लौटने वाले यात्रियों को सामान्य दिनों की तुलना में ज्यादा किराया चुकाना पड़ रहा है। ट्रैवल एजेंसियों के अनुसार, टिकटों की उपलब्धता और यात्रियों की मांग के आधार पर किराए में उतार-चढ़ाव जारी है।

15 नवंबर तक अलग-अलग शहरों से रायपुर का किराया
शहर हवाई किराया
दिल्ली ₹10,000 से ₹14,000
मुंबई ₹11,000 से ₹15,000
हैदराबाद ₹12,000 से ₹16,000
चेन्नई ₹9,000 से ₹12,000
पुणे ₹9,000 से ₹15,000
अहमदाबाद ₹10,000 से ₹18,000
लखनऊ ₹9,700 से ₹14,500





































