BIHAR NEWS. बिहार के मुंगेर जिले के जमालपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पत्नी की चाकू से वार कर हत्या करने के आरोप में रेलवे के रिटायर्ड कर्मचारी ने अपनी दोनों बेटियों के साथ थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी की पहचान दशरथ मंडल के रूप में हुई है, जबकि मृतका का नाम पूजा देवी बताया गया है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। सबसे दुखद पहलू यह है कि हत्या की चश्मदीद मृतका की महज 10 साल की बेटी श्रीनिका है। बच्ची ने पुलिस और परिजनों के सामने उस रात की पूरी कहानी बताई। मां को खोने के बाद उसने अपने पिता के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है।
पिता ने मां को बांधकर चाकू से किया हमला
10 वर्षीय श्रीनिका ने बताया कि घटना वाली रात वह अपनी छोटी बहन इशिका के साथ सो रही थी। इसी दौरान उसके पिता दशरथ मंडल ने मां पूजा देवी को बिस्तर से नीचे उतारा और दुपट्टे से बांध दिया। इसके बाद उन्होंने मां के शरीर पर चाकू से दो बार हमला किया। मां की चीख सुनकर श्रीनिका की नींद खुल गई। जब उसने आंखें खोलीं तो मां जमीन पर पड़ी थीं और कुछ बोल नहीं रही थीं। बच्ची ने बताया कि वह मदद के लिए पड़ोस में रहने वाली आंटी को बुलाने जाना चाहती थी, लेकिन पिता ने उसे रोक दिया। इसके बाद पिता ने बेटी से कहा कि उसकी मां मर गई है और अब वह दूसरी मम्मी ले आएंगे। इस पर मासूम श्रीनिका ने जवाब दिया कि मां की जगह कोई दूसरी नहीं ले सकता।
हत्या के बाद दोनों बेटियों को लेकर थाने पहुंचा आरोपी
बेटी के मुताबिक, वारदात से पहले रात में माता-पिता के बीच विवाद हुआ था। मां की हत्या करने के बाद आरोपी ने उनके शरीर को चादर से ढक दिया। इसके बाद उसने दोनों बेटियों को नहलाया और उन्हें अपने साथ लेकर जमालपुर थाने पहुंच गया। वहां आरोपी ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष में मातम पसरा हुआ है। वहीं, मां को अपनी आंखों के सामने खोने वाली दोनों बच्चियों का रो-रोकर बुरा हाल है। श्रीनिका ने अपने पिता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद
मुंगेर के एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि देर रात जमालपुर पुलिस को एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी की हत्या किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी दशरथ मंडल को गिरफ्तार कर लिया है। घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है। मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहा था विवाद
एसपी के अनुसार, दशरथ मंडल और उसकी पत्नी पूजा देवी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया गया है कि कुछ समय पहले दशरथ घर से लापता हो गया था। इसको लेकर पूजा देवी ने थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी। हालांकि, कुछ दिनों बाद दशरथ वापस घर लौट आया था, लेकिन इसके बावजूद पति-पत्नी के बीच विवाद जारी रहा। पुलिस को दोनों के बीच झगड़े की सूचनाएं भी मिली थीं।




































