PATNA NEWS. बिहार की राजधानी पटना के गर्दनीबाग महिला थाने में शुक्रवार को उस समय हंगामा मच गया, जब एक युवक को लेकर दो युवतियां आमने-सामने आ गईं। विवाद इतना बढ़ गया कि कथित प्रेमिका ने युवक की बचपन की दोस्त की नाक पर दांत से काट लिया। हमले में घायल युवती को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना एम्स रेफर किया गया। घटना के बाद थाने में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
शादी का वादा और दो लाख रुपये लेने का आरोप
मामले के केंद्र में अरवल का रहने वाला एक युवक है, जो मसौढ़ी के एक सरकारी स्कूल में क्लर्क के पद पर कार्यरत है। एक युवती का आरोप है कि युवक के साथ उसका पिछले एक साल से प्रेम संबंध था। युवती के मुताबिक, युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए और जरूरत बताकर उससे करीब दो लाख रुपये भी ले लिए। आरोप है कि जब युवती ने युवक पर शादी करने का दबाव बनाया, तो वह अपने वादे से मुकरने लगा। इसी विवाद को लेकर शुक्रवार को युवक खुद युवती के साथ गर्दनीबाग महिला थाने पहुंचा था, जहां मामले को लेकर सुनवाई चल रही थी।
थाने में पहुंची बचपन की दोस्त, फिर बढ़ा विवाद
इसी दौरान युवक की बचपन की दोस्त अपने भाई के साथ थाने पहुंच गई। कथित प्रेमिका ने आरोप लगाया कि युवक की दोस्त और उसके भाई ने उसके खिलाफ झूठा आवेदन देने की बात कहकर उसे डराया और धमकाया। इस घटनाक्रम के बीच युवती कथित तौर पर आत्महत्या करने की बात कहते हुए पास की यारपुर रेलवे लाइन की ओर दौड़ पड़ी। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंची युवक की बचपन की दोस्त के साथ उसका विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया और कथित प्रेमिका ने दांत से युवती की नाक काट ली। हमले में घायल युवती को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे बेहतर उपचार के लिए पटना एम्स रेफर कर दिया गया।
घायल युवती का दावा- प्रेमिका कर रही थी ब्लैकमेल
घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे किए गए हैं। मीठापुर निवासी घायल युवती का कहना है कि वह युवक की बचपन की दोस्त है और अपने दोस्त की मदद के लिए थाने पहुंची थी। उसने आरोप लगाया कि युवक की प्रेमिका उसे झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रही थी। वहीं, कथित प्रेमिका ने युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और रुपये लेने के आरोप लगाए हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
गर्दनीबाग महिला थाने की थानेदार के मुताबिक, मारपीट की घटना में युवती की नाक पर चोट आई है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।





































