Lucknow News. उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने नए राजनीतिक गठबंधन का ऐलान किया है। AIMIM और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने मिलकर ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ बनाया है। गुरुवार को लखनऊ में हुई संयुक्त प्रेसवार्ता में ओवैसी ने घोषणा की कि चंद्रशेखर आजाद गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे। दोनों दलों ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। ओवैसी ने कहा कि भाजपा को सत्ता में आने से रोकने के लिए उनका मोर्चा मजबूत विकल्प बनेगा। वहीं, चंद्रशेखर आजाद ने इसे तीसरा मोर्चा मानने से इनकार करते हुए कहा कि यह पहला मजबूत मोर्चा होगा। उन्होंने बताया कि बड़े गठबंधन में शामिल होने की कोशिश की गई, लेकिन उन्हें कमजोर समझा गया।

इस गठबंधन को उत्तर प्रदेश की राजनीति में नए समीकरण के तौर पर देखा जा रहा है। राज्य में मुस्लिम आबादी करीब 19 से 20 प्रतिशत और दलित आबादी लगभग 21 प्रतिशत मानी जाती है। ऐसे में दोनों दलों की नजर इन समुदायों के राजनीतिक समर्थन पर है। इस गठबंधन से समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के पारंपरिक समर्थक वर्गों में भी राजनीतिक प्रतिस्पर्धा बढ़ सकती है। हालांकि, इसका चुनावी असर क्या होगा, यह उम्मीदवारों, क्षेत्रीय समीकरणों और चुनाव प्रचार के दौरान सामने आएगा।

प्रेसवार्ता के दौरान ओवैसी ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। अखिलेश के अयोध्या जाने से जुड़े सवाल पर उन्होंने अमीर मीनाई का शेर पढ़ा-‘सरकती जाए है रुख से नकाब आहिस्ता-आहिस्ता, निकलता आ रहा है तेरा चेहरा आहिस्ता-आहिस्ता।’ ओवैसी ने अखिलेश की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए चंद्रशेखर आजाद के संघर्ष का जिक्र किया। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कभी अखिलेश की गाड़ी पर गोली चली या उन्हें गोली लगी? ओवैसी ने कहा कि गोली लगने का दर्द आज भी चंद्रशेखर की कमर में रहता है। उन्होंने कहा कि विरासत की राजनीति करने वाले लोग चंद्रशेखर और उनके परिवार के संघर्ष को नहीं समझ सकते।

कांग्रेस ने मुख्यमंत्री चेहरे पर उठाए सवाल
गठबंधन में चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किए जाने पर कांग्रेस नेता आसिम वकार ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने ओवैसी पर तंज कसते हुए कहा कि पहले वह अखिलेश यादव और राहुल गांधी से किसी मुस्लिम को मुख्यमंत्री का चेहरा बनाने की मांग करते थे, लेकिन अब अपने गठबंधन में चंद्रशेखर को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित कर दिया है। वकार ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश का मुस्लिम समुदाय खुद तय करेगा कि मुख्यमंत्री कौन होना चाहिए।

योगी के SIR दावे पर भी ओवैसी का सवाल
ओवैसी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के SIR के दौरान 1.27 करोड़ नाम कटने के दावे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने से पहले ही मुख्यमंत्री ने यह आंकड़ा कैसे निकाल लिया। ओवैसी ने व्यंग्य करते हुए कहा कि शायद मुख्यमंत्री के पास गणित में पीएचडी है। उन्होंने यह भी पूछा कि जिन लोगों के नाम काटे जाने की बात कही जा रही है, उनमें कितने बांग्लादेशी, पाकिस्तानी या गैर-भारतीय नागरिक हैं, इसकी देशवार सूची जारी की जानी चाहिए।


































