RAIPUR NEWS. महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को आज (12 नवंबर) रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया जाएगा। CBI की 8 दिन की कस्टोडियल रिमांड पूरी होने के बाद अब इस बात पर सबकी नजर है कि जांच एजेंसी उससे आगे पूछताछ के लिए दोबारा रिमांड मांगती है या नहीं। यदि CBI रिमांड नहीं मांगती है तो प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी सौरभ से पूछताछ के लिए कोर्ट का रुख कर सकता है। CBI के अधिकारी दिल्ली में पूछताछ के बाद सौरभ को फ्लाइट से रायपुर लेकर आएंगे।

पिछली सुनवाई में ED ने कोर्ट से अपने गिरफ्तारी वारंट को लागू कराने और सौरभ से पूछताछ की अनुमति मांगी थी। हालांकि, उस समय CBI की रिमांड जारी होने के कारण कोर्ट ने ED के आवेदन को प्रीमैच्योर यानी समय से पहले दाखिल किया गया आवेदन माना था। अब CBI की रिमांड खत्म होने के बाद ED दोबारा आवेदन पेश करने की तैयारी में है। ऐसे में आज की सुनवाई महादेव सट्टा मामले की जांच के लिहाज से अहम मानी जा रही है। 8 दिनों की कस्टोडियल पूछताछ के दौरान CBI ने सौरभ चंद्राकर से महादेव ऐप के नेटवर्क, पैनल ऑपरेटरों, हवाला के जरिए हुए वित्तीय लेनदेन और कथित प्रोटेक्शन मनी को लेकर सवाल किए हैं।

जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि ऑनलाइन सट्टे से जुटाई गई रकम किन लोगों तक पहुंची और इस पूरे नेटवर्क को संचालित करने में किन अधिकारियों, कारोबारियों और अन्य लोगों की भूमिका रही। जांच का एक अहम पहलू सट्टे से होने वाली कमाई के बंटवारे और कथित संरक्षण देने वालों की पहचान करना भी है। सौरभ चंद्राकर की पिछली पेशी के दौरान ED ने कोर्ट में आवेदन देकर अपने वारंट को एग्जीक्यूट कराने और उससे पूछताछ की अनुमति मांगी थी। लेकिन उस समय आरोपी CBI की कस्टडी में था।

इस आधार पर कोर्ट ने ED के आवेदन को समय से पहले दाखिल माना था। अब CBI की रिमांड पूरी होने के बाद ED के पास अपने वारंट को लागू कराने के लिए दोबारा आवेदन देने का अवसर है। हालांकि, इस पर अंतिम फैसला कोर्ट को करना है। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में पहली FIR 30 मार्च 2022 को दुर्ग के मोहन नगर थाने में दर्ज हुई थी। इसके बाद 6 अक्टूबर 2022 को ED ने मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच शुरू की। जांच में सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल को मुख्य आरोपियों के तौर पर चिन्हित किया गया। बाद में CBI ने 18 दिसंबर 2024 को इस मामले में केस दर्ज किया।

छत्तीसगढ़ सरकार ने महादेव ऐप से जुड़े 13 मामलों की जांच CBI को सौंपी थी। इनमें से दो मामलों में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। दूसरी ओर ED भी मनी लॉन्ड्रिंग के पहलुओं की जांच कर रही है और सौरभ के खिलाफ अभियोजन शिकायत दाखिल कर चुकी है।
116 दिन बाद ओमान से भारत लाया गया था सौरभ
CBI के मुताबिक, महादेव सट्टा नेटवर्क की जांच शुरू होने के बाद से ही सौरभ चंद्राकर फरार था। वह वर्ष 2023 से दुबई में रह रहा था। उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। जांच एजेंसियों के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने कथित तौर पर फर्जी पहचान दस्तावेजों का इस्तेमाल किया और UAE से ओमान पहुंच गया। उसके कथित फर्जी इंडोनेशियाई पासपोर्ट में फोटो सौरभ की थी, लेकिन नाम ‘अजंता मेंडिस’ दर्ज था। यह नाम श्रीलंका के पूर्व क्रिकेटर अजन्ता मेंडिस से मिलता-जुलता था। पासपोर्ट में जन्मतिथि भी दूसरे दस्तावेजों से अलग बताई गई थी।





































