SURGUJA NEWS. छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। दीपावली की खुशियां एक परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गईं। सीतापुर में डेढ़ साल के मासूम आदित्य की पटाखा मुंह में फटने से मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। घटना ने एक बार फिर दीपावली के बाद घरों में बचे पटाखों से बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
खेल-खेल में मुंह में डाल लिया पटाखा
मिली जानकारी के मुताबिक, मामला सरगुजा जिले के सीतापुर स्थित नवापारा का है। यहां रहने वाले इंद्रजीत के डेढ़ साल के बेटे आदित्य के साथ यह दर्दनाक हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि दीपावली के दिन इंद्रजीत बच्चों के लिए लहसुन बम पटाखे लेकर आए थे। बच्चों ने त्योहार के दौरान पटाखे फोड़े, लेकिन कुछ पटाखे नहीं फूट पाए और घर के आसपास ही पड़े रह गए।
अगली सुबह आदित्य दूसरे बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान उसकी नजर जमीन पर पड़े एक लहसुन बम पर पड़ी। मासूम ने पटाखे को खिलौना समझकर उठाया और मुंह में डालकर चबाने लगा। तभी अचानक पटाखा उसके मुंह के अंदर ही फट गया।
धमाके से फटी मुंह की नस, तेजी से बहने लगा खून
पटाखे में हुए धमाके से आदित्य के मुंह में गंभीर चोट आई। धमाका इतना तेज था कि उसके मुंह की नस फट गई और काफी मात्रा में खून बहने लगा। बच्चे की हालत देखकर परिजन घबरा गए और आनन-फानन में उसे सीतापुर अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा था। मासूम जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करता रहा, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। उपचार के दौरान आदित्य ने दम तोड़ दिया।




































