MILK PRICE HIKE. अगर आप भी रोजाना अमूल दूध खरीदते हैं, तो आपकी जेब पर अब महंगाई का असर पड़ने वाला है। देशभर में अमूल दूध की नई कीमतें आज यानी 12 नवंबर 2026 से लागू हो गई हैं। गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (GCMMF) ने दूध के प्रमुख पैक वेरिएंट की कीमतों में करीब 4 से 5 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की है। अलग-अलग श्रेणी के दूध पर 2 रुपये से लेकर 6 रुपये प्रति लीटर तक दाम बढ़ाए गए हैं।
मदर डेयरी के बाद अमूल की ओर से की गई इस बढ़ोतरी से आम परिवारों का मासिक बजट प्रभावित हो सकता है। खासकर उन लोगों को ज्यादा खर्च करना पड़ेगा, जिनके घर में रोजाना बड़ी मात्रा में दूध की खपत होती है।
आज से लागू हुई अमूल दूध की नई कीमतें
अमूल ने दूध की अलग-अलग कैटेगरी के हिसाब से कीमतों में बदलाव किया है। टोंड दूध से लेकर फुल क्रीम और भैंस के दूध तक के दाम बढ़ाए गए हैं।
नई दरों के मुताबिक:
- अमूल टोंड दूध की कीमत में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है।
- अमूल गोल्ड फुल क्रीम दूध 4 रुपये प्रति लीटर महंगा हुआ है।
- फुल क्रीम भैंस के दूध की कीमत में 6 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया गया है।

दिल्ली-NCR में लागू नई दरों के अनुसार, बल्क वेंडिंग मशीन से मिलने वाले टोंड दूध की कीमत 58 रुपये से बढ़कर 60 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं, फुल क्रीम पैकेट दूध अब 72 रुपये की जगह 76 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। पैकेट वाले टोंड दूध की कीमत 60 रुपये से बढ़कर 62 रुपये प्रति लीटर हो गई है। इसी तरह 6.5 प्रतिशत फैट वाले फुल क्रीम भैंस के दूध की कीमत 80 रुपये से बढ़कर 86 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
मदर डेयरी ने भी बढ़ाए दूध के दाम
अमूल से पहले मदर डेयरी भी दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर चुकी है। कंपनी ने डबल टोंड दूध के दाम 54 रुपये से बढ़ाकर 56 रुपये प्रति लीटर कर दिए हैं। वहीं, गाय के दूध की कीमत 62 रुपये से बढ़कर 65 रुपये प्रति लीटर हो गई है। इस तरह अब दोनों बड़ी डेयरी कंपनियों के दूध महंगे होने से आम उपभोक्ताओं को रोजमर्रा के खर्च में अतिरिक्त रकम खर्च करनी पड़ेगी।
आखिर क्यों बढ़े अमूल दूध के दाम?
GCMMF के मुताबिक, पिछले एक साल में दूध उत्पादन और प्रोसेसिंग की लागत में लगातार बढ़ोतरी हुई है। हरे और सूखे चारे के साथ पशु आहार में इस्तेमाल होने वाले मक्का, तेल खली और शीरे जैसे कच्चे माल की कीमतें भी बढ़ी हैं। इसके अलावा दूध की पैकेजिंग फिल्म, प्रोसेसिंग और ईंधन-परिवहन की लागत में भी इजाफा हुआ है। गुजरात समेत देश के कई हिस्सों में कम और असमान बारिश के कारण पशुपालकों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कंपनी का कहना है कि दूध की कीमतों में संशोधन का उद्देश्य दुग्ध उत्पादक किसानों को बेहतर भुगतान करना और बढ़ती उत्पादन लागत की भरपाई करना है।
दूध उत्पादक किसानों को मिलेगा फायदा
अमूल के सहकारी मॉडल के तहत उपभोक्ताओं से होने वाली कमाई का बड़ा हिस्सा दूध उत्पादक किसानों तक पहुंचाया जाता है। GCMMF के अनुसार, उपभोक्ताओं से मिलने वाले राजस्व का करीब 80 प्रतिशत हिस्सा देश के लगभग 36 लाख दुग्ध उत्पादकों को वापस किया जाता है। कंपनी का कहना है कि दूध की बिक्री कीमतों में बढ़ोतरी से किसानों को बेहतर भुगतान करने में मदद मिलेगी। इससे पशुपालकों को दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन भी मिलेगा।
आम आदमी की जेब पर पड़ेगा असर
फेस्टिव सीजन के बाद रोजमर्रा की जरूरतों पर महंगाई का असर अब दूध के रूप में भी देखने को मिल रहा है। पहले मदर डेयरी और अब अमूल के दाम बढ़ने से दूध खरीदने वाले परिवारों का मासिक बजट बढ़ना तय है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों वाले परिवारों को अब हर महीने दूध पर पहले से ज्यादा खर्च करना होगा।

































