JALAUN NEWS. उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक मां पर अपने ही डेढ़ साल के मासूम बेटे की धारदार हथियार से हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई, वहीं परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला कोटरा थाना क्षेत्र के सिकरी व्यास गांव का है। जानकारी के मुताबिक, राजेश बरार की पत्नी पारो ने गुरुवार सुबह करीब 4 बजे अपने सबसे छोटे बेटे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया और आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।

मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात आई सामने
मृतक बच्चे के पिता राजेश बरार के मुताबिक, उनकी पत्नी पारो की मानसिक स्थिति पिछले काफी समय से ठीक नहीं है। उसका इलाज भी चल रहा है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद से महिला की स्थिति ऐसी है कि वह ठीक से कुछ बोल भी नहीं पा रही है। हालांकि, इस वारदात के पीछे की असल वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी राजीव शर्मा पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं, मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना से जुड़े कई अहम सवालों के जवाब सामने आ सकेंगे।




































