BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में श्मशान घाट पर कथित तंत्र-मंत्र और चिता से छेड़छाड़ को लेकर जमकर बवाल हो गया। एक महिला के अंतिम संस्कार के बाद श्मशान पहुंचे बाबा शिवराम साहू पर चिता से हड्डियां निकालने और तांत्रिक क्रिया करने का आरोप लगा। इससे गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने बाबा की बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मारपीट में बाबा के सिर पर गंभीर चोट आई है और हाथ की हड्डी टूट गई है।
जलती चिता के पास क्या कर रहा था बाबा?
मामला बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र के देवनगर का है। जानकारी के मुताबिक, एक नवंबर को गांव की रहने वाली अनिता यादव ने आत्महत्या कर ली थी। परिजनों ने उसी दिन उनका अंतिम संस्कार किया था। अंतिम संस्कार के बाद परिजन घर लौट गए।

आरोप है कि रात में शिवराम साहू अपने कुछ साथियों के साथ श्मशान घाट पहुंचा। वहां चिता के पास बैठकर शराब पीने और कथित तौर पर तंत्र-मंत्र करने की गतिविधियां चल रही थीं। इसी दौरान मृतका के परिजन चिता की स्थिति देखने पहुंचे। वहां तीन-चार लोगों को बैठे देखकर उन्हें शक हुआ।
चिता से हड्डियां गायब होने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि महिला की चिता से सिर और कुछ हड्डियां गायब थीं। इस बात को लेकर उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। वायरल वीडियो में एक बुजुर्ग व्यक्ति यह कहते सुनाई दे रहा है कि बाबा मंत्र पढ़ते हुए चिता पर शराब की बूंदें डाल रहा था।
बुजुर्ग के मुताबिक, उसे चावल और शराब लाने के लिए कहा गया था। उसने यह भी दावा किया कि हड्डियां बाबा ने निकाली थीं, लेकिन उन्हें कहां रखा गया, इसकी जानकारी उसे नहीं है। वहीं, शिवराम साहू ने कथित तौर पर खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि वह केवल वहां बैठा था और उसका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है।
गुस्साए परिजनों ने बाबा को बेरहमी से पीटा
चिता से छेड़छाड़ और तंत्र-मंत्र के शक में परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया। आरोप है कि मृतका के पति समेत कुछ लोगों ने शिवराम को घेर लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ लोग बाबा को जमीन पर घसीटते, बाल पकड़कर खींचते और लात-घूंसों से मारते दिखाई दे रहे हैं। मारपीट के दौरान उसके मुंह से खून निकलता भी नजर आ रहा है। इस हमले में शिवराम साहू के सिर पर गंभीर चोट आई और हाथ की हड्डी टूट गई। घायल बाबा को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तीन आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया केस
घटना की शिकायत मिलने के बाद कोनी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने नितेश यादव (23), राजा यादव (26) और उमेश सिंह ठाकुर (32) के खिलाफ मारपीट के मामले में अपराध दर्ज किया है। पुलिस वायरल वीडियो और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। फिलहाल चिता से हड्डियां गायब होने और कथित तांत्रिक गतिविधियों के आरोपों की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल इस पूरे मामले में कई सवाल बने हुए हैं। चिता से हड्डियां गायब होने का आरोप कितना सही है और श्मशान घाट पर आखिर क्या हुआ था, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।




































