BENGALURU NEWS. जिस कारोबारी के यहां 22 साल का युवक कई सालों से काम कर रहा था, उसी के घर में उसकी दर्दनाक मौत हो गई। आरोप है कि कारोबारी ने युवक को अपनी 19 वर्षीय बेटी के साथ देख लिया था। इसके बाद गुस्से में उसने युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी जान चली गई। पुलिस ने 45 वर्षीय कारोबारी आनंदराज को गिरफ्तार कर लिया है। मामला बेंगलुरु के येलहंका इलाके का है।
बेटी के साथ देखकर भड़का कारोबारी, फिर हुई मारपीट
मृतक की पहचान किरण के रूप में हुई है। वह केरल के पलक्कड़ जिले का रहने वाला था और बेंगलुरु में आनंदराज की फैक्ट्री में काम करता था। यहां स्वीट कॉर्न बनाने वाली मशीनें और ठेले तैयार किए जाते हैं। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, कारोबारी को हाल ही में अपनी बेटी और किरण के बीच प्रेम संबंध होने की जानकारी मिली थी। बेटी दूसरे शहर में पढ़ाई करती है और छुट्टियों में घर आई हुई थी।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह आनंदराज और उसकी पत्नी घर से बाहर गए थे। उन्होंने बेटी को बताया था कि वे पूरे दिन बाहर रहेंगे। कुछ घंटे बाद जब दोनों वापस लौटे तो किरण को बेटी के साथ कमरे में देखा। इसके बाद घर में विवाद हुआ और मामला हिंसा तक पहुंच गया।
बेरहमी से पिटाई, अस्पताल में तोड़ा दम
शुरुआती जांच में सामने आया है कि आनंदराज ने अपनी बेटी को चिक्काबल्लापुर में एक रिश्तेदार के घर भेज दिया। इसके बाद उसने किरण के साथ मारपीट की। हमले में युवक को गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश हो गया। उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
भाई को उत्तर प्रदेश भेजने का भी आरोप
इस हत्याकांड में एक और चौंकाने वाला आरोप सामने आया है। किरण के ममेरे भाई प्रसाद ने दावा किया है कि हत्या की पहले से साजिश रची गई थी। उसके मुताबिक, आनंदराज ने इसी सप्ताह किरण के भाई को डिलीवरी के काम से उत्तर प्रदेश भेज दिया था, ताकि घटना के समय किरण के आसपास कोई मौजूद न रहे और बीच-बचाव करने वाला भी कोई न हो।
पुलिस ने कारोबारी को किया गिरफ्तार
बेंगलुरु नॉर्थ ईस्ट डिवीजन के डीसीपी जीके मिथुन कुमार ने बताया कि आरोपी कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। शुरुआती जांच में किरण की जानबूझकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वारदात के समय घर में कोई अन्य व्यक्ति मौजूद था या नहीं और इस घटना में किसी दूसरे की भूमिका तो नहीं है।





































