JHANSI NEWS. महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में एक मेडिकल छात्रा के साथ अश्लील हरकत का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने पहले छात्रा का पीछा किया और फिर रास्ता रोककर उसके सामने कपड़े उतार दिए। छात्रा के क्लास की ओर जाने पर आरोपी वहां भी पहुंच गया। इसी दौरान सुरक्षा गार्ड और अन्य लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ की एफआईआर दर्ज की है।

स्कूटी से पीछा कर छात्रा को रोका
पीड़ित एमबीबीएस छात्रा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार को वह छात्रावास से एकेडमिक ब्लॉक जा रही थी। तभी स्कूटी सवार युवक उसे आवाज देने लगा। छात्रा के नहीं रुकने पर वह उसका पीछा करने लगा और कुछ दूर जाकर स्कूटी लगाकर रास्ता रोक लिया। आरोप है कि इसके बाद युवक ने कपड़े उतार दिए और छात्रा को पकड़ने की कोशिश की। छात्रा वहां से भागकर क्लास की ओर पहुंची, लेकिन आरोपी भी पीछे-पीछे वहां आ गया। मौके पर पहुंचे सुरक्षा कर्मचारी अमित और अन्य लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया।

आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज
नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी की पहचान रोशन प्रजापति के रूप में हुई है, जो कोछाभांवर का निवासी बताया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।

पहले भी छात्राओं से अभद्रता का आरोप
मेडिकल कॉलेज की छात्राओं का आरोप है कि युवक पहले भी कई छात्राओं के साथ इस तरह की हरकत कर चुका है। इस संबंध में कॉलेज प्रबंधन से शिकायत किए जाने की बात भी सामने आई है। कॉलेज के सीएमएस डॉ. सचिन माहौर ने बताया कि छात्राओं को देखकर युवक अभद्र हरकतें करता था। शिकायत मिलने के बाद सुरक्षा कर्मचारी उसकी तलाश में थे। इस बार उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।



































