DHAMTARI NEWS. धमतरी जिले के कुरुद में चाकूबाजी की घटना का अब दर्दनाक अंत हो गया है। भोथली रोड स्थित बालाजी राइस मिल में 2 अक्टूबर को चाकू से किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल हुई युवती अनीता मंडावी ने रविवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अनीता को गंभीर हालत में कुरुद सिविल अस्पताल से धमतरी के निजी अस्पताल रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने घटना के तुरंत बाद मुख्य आरोपी दुलेश्वर टंडन को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया था। अब पीड़िता की मौत के बाद पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई करेगी।

राइस मिल में काम के दौरान हुई थी पहचान
पुलिस के अनुसार, कोंडागांव क्षेत्र की रहने वाली अनीता मंडावी कुरुद की बालाजी राइस मिल में रेजा का काम करती थी। वहीं भांठागांव निवासी दुलेश्वर टंडन भी पहले इसी राइस मिल में काम करता था। इसी दौरान दोनों की पहचान हुई और उनके बीच नजदीकियां बढ़ने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि दुलेश्वर अनीता के मोबाइल पर अपने पैसों से रिचार्ज करवाता था। बाद में उसे शक हुआ कि अनीता किसी दूसरे युवक से मोबाइल पर बातचीत करती है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ने की बात पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आई है।

घर पहुंचकर चाकू से किया हमला
पुलिस के मुताबिक, विवाद के बाद आरोपी अनीता के घर पहुंचा था। वहां कहासुनी के बाद मामला बढ़ गया और आरोपी ने कथित तौर पर चाकू से अनीता पर कई वार कर दिए। हमले में उसकी कमर, जांघ समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल अनीता को तत्काल कुरुद अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे धमतरी के निजी अस्पताल रेफर किया गया। यहां कई दिनों तक उसका इलाज चला, लेकिन रविवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।

आरोपी पहले ही हो चुका है गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलने के बाद कुरुद पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 327/2026 के तहत धारा 333 और 109 बीएनएस में अपराध दर्ज किया था। पुलिस ने आरोपी दुलेश्वर टंडन पिता लक्ष्मीप्रसाद टंडन को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया था। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया था। अब अनीता की मौत के बाद मामले की धाराओं और आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर पुलिस आवश्यक प्रक्रिया पूरी करेगी। पुलिस पूरे घटनाक्रम और हमले की वजह से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
मौत के बाद बदलेगा केस का कानूनी स्वरूप
अनीता की मौत के बाद इस मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई महत्वपूर्ण हो गई है। अब पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत केस से जुड़े सभी दस्तावेजों और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक प्रक्रिया पूरी करेगी। मामले में आरोपी पहले से जेल में है।






































