BILASPUR NEWS. बिलासपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा किया है। जांच और मेडिकल साक्ष्यों में महिला की गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने मामले में मृतका के पति, सास और देवर को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
फांसी पर लटकी मिली थी विवाहिता की लाश
मामला सकरी थाना क्षेत्र के सैदा गांव का है। यहां रहने वाली दुर्गा निर्मलकर की 26 सितंबर को घर में फांसी पर लटकी हुई लाश मिली थी। घटना के बाद मामला संदिग्ध माना गया, क्योंकि महिला के गले पर चोट के निशान पाए गए थे।घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। वहीं, मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए दुर्गा को प्रताड़ित करने और उसकी हत्या करने का आरोप लगाया था।

मेडिकल रिपोर्ट और जांच में हत्या की पुष्टि
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के साथ मेडिकल रिपोर्ट को भी आधार बनाया। जांच में सामने आया कि दुर्गा की मौत फांसी लगाने से नहीं, बल्कि गला घोंटने के कारण हुई थी।इसके बाद पुलिस ने ससुराल पक्ष के लोगों से पूछताछ शुरू की और मामले में संदिग्धों की भूमिका की जांच की।
पति, देवर और सास पर हत्या का आरोप
पुलिस ने मृतका के पति रोहित निर्मलकर उर्फ लल्लू, देवर मोहित निर्मलकर और सास ठगिया निर्मलकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की।पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान तीनों ने घटना के दिन दुर्गा के साथ दहेज को लेकर मारपीट करने और उसके गले में पट्टा डालकर गला घोंटने की बात स्वीकार की। पुलिस का आरोप है कि हत्या के बाद शव को फांसी पर लटका दिया गया, ताकि घटना को आत्महत्या का रूप दिया जा सके।
दहेज हत्या का केस दर्ज, तीनों गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने पति, सास और देवर को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों के खिलाफ दहेज हत्या समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब मामले में सामने आए साक्ष्यों और आरोपियों के बयानों के आधार पर आगे की जांच कर रही है। वहीं, विवाहिता की मौत के बाद मायके पक्ष के लगाए गए दहेज प्रताड़ना के आरोपों की भी जांच की जा रही है।





































