BILASPUR NEWS. अगर आप अगले तीन दिनों में बिलासपुर से टाटानगर या इस रूट पर सफर करने की तैयारी कर रहे हैं तो पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें। चक्रधरपुर मंडल के बिरराजपुर स्टेशन पर प्री-एनआई और नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य के चलते रेलवे ने बिलासपुर-टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस को तीन दिनों के लिए रद्द कर दिया है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार गाड़ी संख्या 18114/18113 बिलासपुर-टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस 19 से 21 सितंबर तक दोनों दिशाओं में नहीं चलेगी। इस फैसले से इस रूट पर नियमित सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

बिरराजपुर स्टेशन पर चलेगा नॉन-इंटरलॉकिंग का काम
चक्रधरपुर मंडल के बिरराजपुर स्टेशन पर प्री-एनआई और एनआई कार्य के लिए रेल यातायात प्रभावित रहेगा। रेलवे के मुताबिक स्टेशन पर इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े जरूरी कार्य किए जा रहे हैं। नॉन-इंटरलॉकिंग का यह काम रेल परिचालन की व्यवस्था को बेहतर बनाने और भविष्य में ट्रेनों के सुरक्षित एवं सुचारू संचालन के लिए किया जा रहा है।

यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जरूर जांचें
तीन दिन तक ट्रेन रद्द रहने से यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना में बदलाव करना पड़ सकता है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें, ताकि स्टेशन पहुंचने के बाद किसी तरह की परेशानी न हो।






































