BILASPUR NEWS. गणेश उत्सव की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब गणेश पंडाल में DJ की आवाज बढ़ाने को लेकर दो युवकों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। देखते ही देखते एक युवक ने अपने ही साथी पर चाकू से 4-5 वार कर दिए। सीने में गंभीर चोट लगने से युवक जमीन पर गिर पड़ा और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम संबलपुरी में सोमवार शाम की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

DJ की आवाज बढ़ाने को लेकर शुरू हुई बहस
जानकारी के अनुसार संबलपुरी गांव में राशन दुकान के पास गणेश पंडाल में सोमवार शाम आकाश सूर्यवंशी (22), पिता अंशु सूर्यवंशी और अमन सूर्यवंशी (23), पिता प्रहलाद सूर्यवंशी मौजूद थे। इसी दौरान DJ बजाने और साउंड बढ़ाने को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर अमन ने कथित तौर पर चाकू निकाल लिया और आकाश के सीने पर लगातार कई वार कर दिए।

खून से लथपथ होकर गिरा युवक
अचानक हुए चाकू के हमले से पंडाल में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल आकाश खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। ग्रामीणों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

वारदात के बाद चाकू लेकर घूमता रहा आरोपी
बताया जा रहा है कि हमले के बाद आरोपी अमन हाथ में चाकू लेकर पंडाल के आसपास ही घूमता रहा। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वारदात में इस्तेमाल हथियार समेत अन्य साक्ष्य जुटाए हैं।
2-3 साल नशा मुक्ति केंद्र में रहा था आरोपी
सीएसपी सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार के अनुसार आरोपी अमन नशे का आदी है। परिजनों ने उसकी नशे की लत छुड़ाने के लिए उसे करीब 2 से 3 साल तक नशा मुक्ति केंद्र में भी रखा था। पुलिस के मुताबिक वारदात के वक्त भी आरोपी नशे की हालत में था।

जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मरचुरी में रखवाया गया है। पुलिस अब विवाद की पूरी वजह, घटनाक्रम और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।





































