AMBIKAPUR NEWS. पीजी कॉलेज की बीए प्रथम वर्ष की 19 वर्षीय छात्रा अंतरा शाह की आत्महत्या के मामले में गांधीनगर थाना पुलिस ने NSUI छात्र नेता ज्ञान प्रकाश तिवारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने सहित संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया है। परिजनों और सहेलियों ने छात्र नेता पर निजी चैट और वीडियो को लेकर छात्रा को कथित तौर पर ब्लैकमेल और परेशान करने का आरोप लगाया है।

बाथरूम की खिड़की से दिखा फंदे पर लटका शव
मूल रूप से एमसीबी जिले के गोदरीपारा (चिरमिरी) निवासी अंतरा अंबिकापुर के पटपरिया में अपने जीजा नीलेश गुप्ता के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी। बताया गया कि 10 सितंबर को कॉलेज से लौटने के बाद उसने रात का खाना खाया और सोने चली गई। अगले दिन सुबह जब वह बिस्तर पर नहीं मिली तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान बाथरूम की खिड़की से देखने पर उसका शव फंदे से लटका मिला।

निजी चैट और वीडियो को लेकर ब्लैकमेलिंग का आरोप
परिजनों और सहेलियों का आरोप है कि ज्ञान तिवारी के पास अंतरा के कुछ निजी चैट और वीडियो थे। इन्हें परिजनों को दिखाने तथा सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर छात्रा को कथित रूप से परेशान और ब्लैकमेल किया जा रहा था। इसी मानसिक दबाव के चलते छात्रा ने आत्मघाती कदम उठाया, ऐसा परिजनों का आरोप है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

थाने के बाहर ABVP का प्रदर्शन
छात्रा की मौत की जानकारी सामने आने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने गांधीनगर थाने के बाहर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने NSUI का पुतला दहन करते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

मोबाइल जब्त, पुलिस कर रही जांच
सरगुजा SDOP राकेश बघेल के अनुसार आरोपी ज्ञान प्रकाश तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। पुलिस ने मृतका का मोबाइल भी जब्त किया है। मोबाइल और अन्य साक्ष्यों की जांच के आधार पर मामले की आगे की कार्रवाई की जाएगी।






































