RAIPUR NEWS. अंबिकापुर के खरसिया चौक की बदहाल सड़क का वीडियो वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से दूरभाष पर चर्चा कर सड़क की स्थिति की जानकारी ली और तत्काल मौके का निरीक्षण कर जरूरी सुधार कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने खरसिया चौक की सड़क के बड़े गड्ढों को भरने, समतलीकरण कराने और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा है। अधिक यातायात वाले क्षेत्रों में पुलिस और यातायात विभाग के साथ समन्वय कर सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

सीएम साय ने प्रदेश के सभी कलेक्टरों को अपने-अपने जिलों में निर्माणाधीन और क्षतिग्रस्त सड़कों की नियमित निगरानी करने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जरूरत पड़ने पर कलेक्टर स्वयं मौके पर जाकर स्थिति देखें और संबंधित विभागों व निर्माण एजेंसियों के साथ समन्वय कर सड़कों को मानसून के दौरान भी चलने योग्य बनाए रखें। मुख्यमंत्री ने सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। सड़क क्षतिग्रस्त होने, निर्माण कार्य, पुल-पुलिया के आसपास कटाव, जलभराव या अन्य कारणों से दुर्घटना की आशंका होने पर तत्काल सुरक्षात्मक उपाय करने को कहा गया है।

जरूरत के अनुसार चेतावनी संकेतक, बैरिकेडिंग और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था भी सुनिश्चित करनी होगी।उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, नगरीय निकाय या किसी अन्य एजेंसी की सड़क हो, जिला प्रशासन संबंधित विभाग के साथ समन्वय कर समस्या का त्वरित समाधान कराए। अधिक यातायात दबाव वाली प्रमुख सड़कों और निर्माणाधीन मार्गों को चिन्हांकित कर उनकी नियमित समीक्षा भी की जाए।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि वर्षा ऋतु समाप्त होने के बाद निर्माणाधीन और स्वीकृत सड़क कार्यों में तेजी लाई जाए। निर्माण एजेंसियों के साथ कार्ययोजना बनाकर स्थायी मरम्मत और सड़क निर्माण के काम गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के कारण नागरिकों को लंबे समय तक परेशानी न हो, इसके लिए कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग जरूरी है।







































