DHAMTARI NEWS. छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के माडमसिल्ली क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में मामा-भांजे की डूबने से मौत हो गई। दोनों मछली पकड़ने के लिए गांव के पास स्थित स्टॉप डैम गए थे। इसी दौरान भांजे का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के लिए मामा ने भी पानी में छलांग लगा दी, लेकिन तेज बहाव के कारण दोनों डूब गए। घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों के शव बरामद किए गए।

मछली पकड़ने गए थे मामा-भांजे
जानकारी के मुताबिक, घटना माडमसिल्ली के आश्रित ग्राम गेदरापारा की है। कांकेर निवासी लोकेश मंडावी और गेदरापारा निवासी देवकरण रिश्ते में मामा-भांजे थे। लोकेश अपने रिश्तेदार के यहां गेदरापारा आए हुए थे। इसी दौरान दोनों गांव के पास स्थित स्टॉप डैम में मछली पकड़ने चले गए।

भांजे को डूबता देख मामा ने लगाई छलांग
मछली पकड़ने के दौरान अचानक देवकरण का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूबने लगा। भांजे को डूबता देख लोकेश मंडावी ने उसे बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी। हालांकि, स्टॉप डैम में पानी का बहाव तेज होने के कारण लोकेश भी अपना संतुलन नहीं संभाल सका और दोनों गहरे पानी में डूब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने पुलिस और संबंधित टीम को सूचना दी। इसके बाद दोनों की तलाश शुरू की गई।

घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही गंगरेल के ब्लू एडवेंचर की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने स्टॉप डैम में दोनों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। घंटों की मशक्कत के बाद टीम ने दोनों के शव बरामद कर लिए।
शवों को पानी से बाहर निकालने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई।

एक साथ दो मौतों से गांव में मातम
मामा-भांजे की एक साथ मौत की खबर से गेदरापारा और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।






































