BILASPUR NEWS. प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने बिलासपुर में आयोजित तीन दिवसीय संभाग स्तरीय संगठन सृजन एवं प्रशिक्षण शिविर के समापन के बाद भाजपा और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। मीडिया से चर्चा के दौरान बैज ने मुख्यमंत्री की आदिवासी पहचान पर सवाल उठाते हुए कहा कि वे ‘आदिवासी नहीं, वनवासी हैं।’ उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री वास्तव में आदिवासी होते तो विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर समाज को बधाई जरूर देते।

ढाल दास का कांग्रेस में आना सिर्फ शुरुआत
भाजपा सरकार में मंत्री खुशवंत साहब के बड़े भाई ढाल दास के कांग्रेस में शामिल होने को लेकर बैज ने दावा किया कि यह महज शुरुआत है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कई नाराज नेता कांग्रेस के संपर्क में हैं। बैज ने तंज कसते हुए उन्हें ‘नाराज फूफा’ बताया और कहा कि आने वाले समय में कई बड़े चेहरे कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि आगे भाजपा के लिए स्थिति संभालना मुश्किल हो सकता है।

भाजपा में गए नेताओं पर भी साधा निशाना
कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नेताओं को लेकर भी बैज ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि जो नेता कांग्रेस में रहते हुए संगठन की अग्रिम पंक्ति में दिखाई देते थे, वे भाजपा में जाने के बाद पीछे की लाइन में भी नजर नहीं आते। उनके मुताबिक भाजपा में कार्यकर्ताओं की सुनवाई नहीं हो रही है और इससे पार्टी के भीतर नाराजगी बढ़ रही है।

जल-जंगल-जमीन और खनिज संपदा को लेकर सरकार पर आरोप
बैज ने प्रदेश सरकार की नीतियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जल, जंगल, जमीन, खनिज संपदा और कोल ब्लॉक के जरिए पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश में कथित नकली शराब और होलोग्राम सिंडिकेट का मुद्दा भी उठाया और सवाल किया कि कमीशनबाजी का पैसा आखिर किसके पास पहुंच रहा है।
तीन दिन के मंथन को बताया ‘अमृत’
संगठन सृजन एवं प्रशिक्षण शिविर को लेकर बैज ने कहा कि तीन दिनों तक चले इस मंथन से कांग्रेस को नई ऊर्जा मिली है। उन्होंने कहा कि शिविर से ‘अमृत’ निकला है, विष की एक बूंद भी नहीं। प्रशिक्षण लेकर लौटने वाला कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता अब ‘अर्जुन’ की तरह सरकार की नीतियों के खिलाफ मजबूती से लड़ाई लड़ेगा।

बैज ने कहा कि कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को जनता के मुद्दों की लड़ाई के लिए तैयार करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में कांग्रेस प्रदेश सरकार के खिलाफ आंदोलन और राजनीतिक अभियान को और तेज करेगी।





































